भिवानी: ढिगावा मंडी के स्कूल में साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को दिए सुरक्षा टिप्स
भिवानी पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान: ढिगावा मंडी के आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों को सिखाया साइबर ठगी से बचाव। हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा आम नागरिकों व विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूक करने हेतु चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम ने आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ढिगावा मंडी में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम द्वारा जिले के सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मार्केट व अन्य संस्थानों में लगातार साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।
इसी क्रम में थाना साइबर क्राइम भिवानी के कर्मचारी विष्णु ने अपनी टीम के साथ आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिवानी मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, बैंकिंग फ्रॉड तथा फर्जी निवेश योजनाओं जैसी साइबर ठगी के तरीकों के बारे में बताया गया।
साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने तथा साइबर क्राइम पोर्टल
National Cyber Crime Reporting Portal
पर ऑनलाइन शिकायत करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
थाना साइबर क्राइम भिवानी की टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।