{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: सरकारी स्कूल में चोरी करने वाला गिरोह काबू; 2 आरोपी गिरफ्तार, कंप्यूटर बरामद

भिवानी डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की बड़ी कार्रवाई। सिरसा घोघड़ा स्कूल में चोरी करने वाले रोहतक के दो शातिर चोर गिरफ्तार। कब्जे से 5 कंप्यूटर और नकदी बरामद।

 

प्रेस नोट
जिला पुलिस भिवानी
दिनांक: 23 अप्रैल 2026

डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

पुलिस टीम के द्वारा आरोपियों से 05 कंप्यूटर व ₹ 4,000/- रुपए किए बरामद।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला में सरकारी संस्थानों, विशेषकर स्कूलों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने गांव सिरसा घोघड़ा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुई चोरी की वारदात में शामिल गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में विद्यालय के राजेश कुमार द्वारा थाना सदर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसमें बताया गया कि दिनांक 20 मार्च 2026 की रात्रि को अज्ञात चोर स्कूल से कंप्यूटर, बैटरी, सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सदर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले में कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 अप्रैल 2026 को डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के उप निरीक्षक गंगाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

1.  शेर सिंह पुत्र धीर सिंह निवासी गांव नानोद, जिला रोहतक।

2.  रवि पुत्र अजमेर निवासी गांव जिंदरान, जिला रोहतक
के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पांच कंप्यूटर व ₹ 4,000/- रुपए नकद बरामद किए गए हैं।

रिमांड अवधि पूर्ण होने के उपरांत आज आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जिला कारागार भेजने के आदेश जारी किए गए।

जिला पुलिस भिवानी द्वारा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।