{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने रोहतक से हेरोइन लाने के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
 

पुलिस टीम ने 6.93 ग्राम मादक पदार्थ (हेरोइन) व  मोटरसाइकिल को पुलिस कब्जे में लिया।
 
 

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है तथा उनके नेटवर्क का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने रोहतक से हेरोइन लाकर बेचने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

दिनांक 04 जुलाई 2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र अपनी टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर गांव बामला मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल पर कलानौर की ओर से मादक पदार्थ लेकर भिवानी आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टी-पॉइंट फूलपुरा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकवाया। तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से 6.93 ग्राम मादक पदार्थ (हेरोइन) बरामद हुई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलदीप उर्फ लाला पुत्र हवा सिंह तथा मनीष पुत्र नरेश, दोनों निवासी हनुमान गेट, भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से बरामद हेरोइन तथा  मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया।

उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सदर भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीबद्ध कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस टीम ने दिनांक 05 जुलाई 2026 को आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया।

रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेहनत-मजदूरी का कार्य करते हैं तथा मादक पदार्थ को बेचने के उद्देश्य से रोहतक से खरीदकर लाए थे। रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद आज आरोपियों को पुनः माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।