Bhiwani Police: भिवानी पुलिस का एक्शन; 4 महीने में 127 भगोड़े और 8 इनामी बदमाश गिरफ्तार
SP सुमित कुमार के निर्देश पर भिवानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच 127 उदघोषित आरोपी, 83 बेल जंपर और 17 गैंग मेंबर्स गिरफ्तार। जानें पूरी रिपोर्ट।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से अप्रैल माह तक जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर उदघोषित, इनामी आरोपी व गैंग को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से अप्रैल 2026 तक जिले में विशेष अभियान चलाकर उदघोषित आरोपी, बेल जंपर, इनामी अपराधी तथा जिले में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों के सदस्यों को गिरफ्तार कर कानून व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया गया है।
इस विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस भिवानी द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस द्वारा इस चार माह की अवधि के दौरान निम्नलिखित महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की गई हैं।
✍️ जिला पुलिस द्वारा जनवरी से अप्रैल माह के दौरान 127 उदघोषित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई। इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा 83 बेल जंपर आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
✍️ वहीं पुलिस ने ₹ 40,000/- रुपए के 08 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने में भी महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
✍️ इसके साथ ही जिला पुलिस द्वारा वाहन चोरी, हत्या का प्रयास तथा पशु चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोहों को काबू कर इन आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने का कार्य किया गया। पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में सक्रिय गिरोहों के 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 वारदातों को सुलझाने में सफलता हासिल की गई है।
✍️ पुलिस टीमों द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 05 मोटरसाइकिल, 01 इलेक्ट्रिक स्कूटी, 01 स्कूटी, 01 देशी पिस्तौल, 01 जिंदा कारतूस, 01 मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार ने सभी अपराध शाखा इंचार्ज, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का कार्य सुनिश्चित किया जाए ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
जिला पुलिस भिवानी द्वारा आगे भी इसी प्रकार विशेष अभियान चलाकर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।