Bhiwani News: स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
भिवानी पुलिस के स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल ने ढाणी टोड़ा के पास रेड कर एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ दबोचा। आरोपी ने शौक के लिए खरीदा था हथियार। जानें पूरा मामला।
स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल की टीम ने एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित किया गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के द्वारा जिला पुलिस को अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल की टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 08.05.2026 को स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल के मुख्य सिपाही तेजपाल अपनी टीम के साथ गश्त व पड़ताल ड्यूटी के दौरान बस अड्डा गांव गिगनाऊ मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ढाणी टोड़ा में नहर पुल के ऊपर कहीं जाने की फिराक में खड़ा है, जिसके पास बिना लाइसेंस के अवैध हथियार मौजूद है। पुलिस टीम ने सूचना की गंभीरता को देखते हुए बताए गए स्थान पर रेड कर एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित काबू करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अरविंद उर्फ मोनू पुत्र मांगेराम निवासी ढाणी टोड़ा जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया गया।
आरोपी अरविंद के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत अभियोग थाना लोहारू में पंजीबद्ध कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है तथा उक्त अवैध हथियार उसने अपने एक मित्र से शौक पूरा करने के लिए 10 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा आरोपी को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए।