{"vars":{"id": "123258:4912"}}

सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम पर जानलेवा हमला व सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार।
 

सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने आरोपी को गिरफ्तार कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
 
 

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री सुमित कुमार के निर्देशानुसार पुलिस टीमों पर हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने सीआईए स्टाफ-1 भिवानी की टीम पर जान से मारने की नीयत से हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दिनांक 8.06.2026 को सीआईए स्टाफ-1 भिवानी के उप निरीक्षक आनंद अपनी टीम के साथ थाना जुई कलां क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि देवसर-कुसम्भी रोड के बीच खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर रेड की। पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर भागने लगे। पुलिस द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन स्कॉर्पियो चालक ने पुलिस टीम में मौजूद मुख्य सिपाही सुनील को जान से मारने की नीयत से गाड़ी की सीधी टक्कर मार दी। इस घटना में मुख्य सिपाही सुनील घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी में दाखिल कराया गया। घायल मुख्य सिपाही के सिर व हाथ पर चोटें आई हैं तथा उनका उपचार जारी है। शिकायत पर थाना जुई कलां में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दिनांक 09.06. 2026 को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के एएसआई सुरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एक आरोपी को गांव देवसर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लखी सिंह उर्फ लक्ष्मी पुत्र कान सिंह निवासी देवसर, जिला भिवानी के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खेती-बाड़ी का कार्य करता है तथा वारदात के दिन अन्य आरोपियों के साथ मौके पर मौजूद था।

रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। वहीं मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।