{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Traffic Challan And Safety Details: हेलमेट न पहनने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर शिकंजा, एसपी मयंक मिश्रा ने की अपील

भिवानी पुलिस ने जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 79,022 चालान किए हैं। एसपी मयंक मिश्रा ने नियमों का पालन करने की अपील की है। पूरी खबर पढ़ें।
 

जिला पुलिस भिवानी ने जनवरी से अक्टूबर 2026 तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध की प्रभावी कार्रवाई, मोटर वाहन अधिनियम के तहत किए 79,022 चालान – पुलिस अधीक्षक भिवानी।।

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, आईपीएस के दिशा-निर्देशों में जिला पुलिस भिवानी द्वारा जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। इस अवधि में जिला पुलिस द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल *79,022 चालान* किए गए हैं।

जिला पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखना है।

*मुख्य कार्रवाई का विवरण निम्नानुसार है:*

✍️ दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग न करने पर 34,189 चालान किए गए।

✍️ चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 250 चालान किए गए।

✍️ वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगाकर चलने पर 189 चालान किए गए।

✍️ बुलेट मोटरसाइकिलों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर बदलकर चलाने पर 285 चालान किए गए।

✍️ लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने पर 6,959 चालान किए गए।

✍️ रॉन्ग साइड वाहन चलाने पर 835 चालान किए गए।

✍️ मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न उल्लंघनों पर 18,958 पोस्टल चालान जारी किए गए।

✍️ निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने पर 4,453 चालान किए गए।

✍️ शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,793 चालकों के चालान किए गए।

✍️ ट्रिपल राइडिंग के मामलों में 3,349 चालान किए गए।

✍️ वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 176 चालान किए गए।

✍️ निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके तथा प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले BS-3 एवं उससे नीचे के डीजल वाहनों (10 वर्ष से अधिक पुराने) और पेट्रोल वाहनों (15 वर्ष से अधिक पुराने) के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 1,659 वाहनों को इंपाउंड किया गया।

*आधुनिक तकनीक से भी रखी जा रही है यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर*

यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौकों एवं व्यस्त मार्गों पर लगाए गए आधुनिक सीसीटीवी कैमरों की सहायता से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की निगरानी की जा रही है। कैमरों के माध्यम से हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट न लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिंग, ब्लैक फिल्म सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर ऑनलाइन चालान किए जा रहे हैं। ये चालान संबंधित वाहन के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जा रहे हैं।

*पुलिस अधीक्षक भिवानी की आमजन से अपील*

पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, चार पहिया वाहन चालक सीट बेल्ट लगाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। शराब पीकर वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने से बचें।

उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। जिला पुलिस भिवानी सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन से अपील है कि वे यातायात नियमों की पालना करें और सड़क सुरक्षा के इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें।