एसडीएम महेश कुमार ने लिया मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ समारोह की तैयारियों का जायजा
भिवानी, 15 जुलाई। एसडीएम महेश कुमार ने बुधवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों 17 जुलाई को पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के जिला मुख्यालय पर होने वाले शुभारंभ समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने तैयारियों को भव्य रूप देने के लिए चिकित्सा अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान एसडीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 17 जुलाई को जींद से पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल का शुभारंभ करेंगे, जो जिलावासियों के लिए बड़े ही गर्व का दिन है। उन्होंने यहां पर बनाए जा रहे पंडाल में बैठने के लिए व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने निर्देश दिए बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएं ताकि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। उन्होंने मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्टï मेहमानों के बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि वाहनों की पार्किंग के लिए अलग से जगह सुनिश्चित की जाए ताकि वाहनों की वजह से जाम की स्थिति ना बने। उन्होंने कहा कि पंडाल के अंदर प्रत्येक ब्लॉक में पीने के पानी का पर्याप्त प्रबंध हो। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंंने बताया कि समारोह में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा भी एक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह को लेकर मेडिकल कॉलेज और विद्यार्थियों में बड़ा उत्साह बना हुआ है।