{"vars":{"id": "123258:4912"}}

DC Sahil Gupta News 2026: SMGT पोर्टल की शिकायतों के समाधान में भिवानी प्रदेश में पहले स्थान पर: मुख्यालय ने की DC साहिल गुप्ता की कार्यशैली की सराहना

SMGT पोर्टल की शिकायतों के समाधान में भिवानी 99.88% औसत के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। मुख्यालय ने DC साहिल गुप्ता की कार्यशैली की सराहना की।
 

एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों के समाधान में भिवानी प्रदेश में पहले स्थान पर

नाले की समस्या का समाधान करने पर मुख्यालय ने की डीसी साहिल गुप्ता की कार्यशैली की सराहना

डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को दिए शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा करने के निर्देश

भिवानी, 20 नवंबर। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बहेरा ने वीसी के माध्यम से प्रदेशभर के जिलाधिकारियों के साथ सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल पर आने वाली समस्याओं के समाधान की समीक्षा की। श्री बेहरा ने एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों के समाधान में भिवानी के प्रदेश में पहले स्थान पर होने के चलते डीसी साहिल गुप्ता की कार्यशैली की सराहना की। जिला भिवानी का 15 नवंबर 2026 तक समस्याओं का समाधान करने का औसत प्रतिशत 99.88 रहा है। श्री बेहरा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर ना लगाने पड़ें। वहीं दूसरी ओर डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता ने भी बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समस्याओं का स्थायी समाधान करनें। समस्याओं के समाधान के बाद फोटो के साथ एटीआर अपलोड करें।

बैठक में डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यालय स्तर से संबंधित शिकायतों को अलग से मार्क किया जाए तथा विभागीय स्तर पर किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

डीसी ने कहा कि सभी विभाग शिकायतों के समाधान के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट स्पष्ट एवं व्यवस्थित तरीके से संबंधित कार्य की फोटो सहित पोर्टल पर अपलोड करें। प्रत्येक विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त करे, ताकि शिकायतकर्ता की समस्या से संबंधित विभागीय अधिकारी से सीधे संपर्क किया जा सके और समाधान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।

सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करें।

बैठक में डीएफओ विपिन कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी महेश कुमार, डीईओ निर्मल दहिया, जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता जितेंद्र ढुल, जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. त्रिलोकचंद, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र हुड्डा और पीएमओ डॉ. बलवान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।