भिवानी में प्राइवेट बस और ट्रैक्टर की टक्कर:हिसार के ड्राइवर की मौत, बाढ़ड़ा से जाते वक्त हादसा, 4 बच्चों के पिता
भिवानी के दुल्हेड़ी के पास बस-ट्रैक्टर की टक्कर में हिसार निवासी मनोज उर्फ मंगतु की दर्दनाक मौत। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
भिवानी जिले के गांव दुल्हेड़ी के पास प्राइवेट बस व ट्रैक्टर का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में हिसार के रहने वाले 4 बच्चों के पिता की मौत हो गई। वहीं इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच आरंभ कर दी। हादसा उस समय हुआ, जब वह ट्रैक्टर पर सवार होकर चरखी दादरी के बाढ़ड़ा से हिसार जा रहा था। इसी बीच रास्ते में प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी।
जांच अधिकारी SI प्रेम सिंह ने बताया कि हिसार के गांव कैमरी निवासी संदीप ने पुलिस को बयान दिए हैं। बयानों में बताया कि उसका भाई गांव कैमरी निवासी करीब 41 वर्षीय मनोज उर्फ मंगतु ड्राइवरी का काम करता है।
रविवार शाम को मनोज बाढ़ड़ा से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर हिसार जा रहा था। इसी दौरान भिवानी के गांव दुल्हेड़ी के नजदीक पहुंचा, तो प्राइवेट बस ने उसके ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। बस की टक्कर के कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। वहीं मनोज भी ट्रैक्टर के नीचे आ गया। हादसे में घायल मनोज ने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के काफी लोग एकत्रित हो गए थे। प्राइवेट बस ड्राइवर के खिलाफ केस
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। वहीं मृतक के भाई के बयान दर्ज किए हैं। बयानों के आधार पर प्राइवेट बस चालक के खिलाफ लापरवाही से चलाते हुए एक्सीडेंट करने का केस दर्ज कर लिया। वहीं मनोज उर्फ मंगतु के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया ।