{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी सड़क हादसे चौकी प्रभारी शहीद, दो पुलिसकर्मी घायल 

 

भिवानी

जिले में लोहारू-सूरजगढ़ रोड पर ढाणी धोलिया कुआं के पास देर रात एक सड़क हादसे में राजस्थान के झुंझनू जिले की गाडाखेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी 45 वर्षीय शेर सिंह फोगाट शहीद हो गए।

हादसे में उनके साथ वाहन में सवार दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान 48 वर्षीय आशाराम और 37 वर्षीय रमेश के रूप में हुई है।

दोनों का इलाज पिलानी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। चालक रमेश की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में दो अन्य व्यक्ति सुरेंद्र और सुमेर सिंह को भी चोटें आई हैं, जिनका उपचार पिलानी ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 10 बजे गाडाखेड़ा पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि सिंघाना क्षेत्र का एक अपराधी वाहन लेकर लोहारू की ओर आ रहा है। चौकी प्रभारी शेर सिंह फोगाट अपने साथियों के साथ तुरंत गश्त पर निकले और अपराधी के वाहन का पीछा करते हुए लोहारू क्षेत्र में पहुंचे।

लोहारू पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जिस अपराधी का पीछा करते हुए हादसा हुआ, उसकी पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

हादसे ने न केवल पुलिस महकमे को झकझोर दिया है, बल्कि क्षेत्र के लोगों को भी गहरे दुख में डाल दिया है। शहीद शेर सिंह फोगाट की शहादत को हमेशा याद किया जाएगा।