{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- सडक़ दुर्घटनाओं में मृत्यु कम करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य: एसडीएम महेश कुमार
 

- एसडीएम महेश कुमार ने रोड सेफ्टी की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
 
 
भिवानी, 27 मई। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में रोड सेफ्टी की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम महेश कुमार ने की। एसडीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ दुर्घटनाओं में मृत्यु को कम से कम करना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। विशेषकर कॉलेजों में विद्यार्थियों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चालान का उद्देश्य जुर्माना बढ़ाना नहीं, बल्कि सडक़ दुर्घटनाओं को कम करना है। चालान काटते समय भी वाहन चालकों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। अधिक चालान के कारणों का पता होना जरूरी है, जैसे हेलमेट न पहनना, ऑवरस्पीड या लाइसेंस न होना, सीट बैल्ट न लगाना आदि। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि डिवीजन और सब-डिवीजन स्तर पर कॉलेज विद्यार्थियों के माध्यम से सडक़ सुरक्षा विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्क्रिप्ट तैयार की जाए। शहर व कस्बों के विभिन्न चौराहों पर लघु नाटको से लोगों को जागरूक किया जाए।  
उन्होंने सुरक्षित वाहन पॉलिसी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्कूली बसों की विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों की जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे, मेडिकल किट, वैध लाइसेंस और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाए। साथ ही दस वर्ष से अधिक पुरानी बसों को हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों की जांच स्कूल समय शुरू होने से पहले या छुट्टी के बाद की जाए, ताकि प्रभावी तरीके से निरीक्षण हो सके। एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि सडक़ सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक करना बेहद जरूरी है, क्योंकि किसी व्यक्ति की मृत्यु या विकलांगता से पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है।
बैठक में लोहारू व सिवानी से एसडीएम वीसी के माध्यम से जुड़े। बैठक में तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डॉ. आशीष, डीएसओ डॉ. भागीरथ कौशिक और नेशनल हाईवे प्राधिकरण के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।