{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा: ईश्वर सिंह पलाका
 

- हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर सिंह ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्या
- पंचायत भवन में सफाई कर्मचारियों के लिए आयोजित चिकित्सा शिविर में पहुंचे ईश्वर सिंह पलाका
 

भिवानी, 28 जुलाई। सरकार के निर्देशानुसार स्थानीय पंचायत भवन में सफाई कर्मचारियों के लिए मंगलवार से तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुआ। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक ईश्वर सिंह पलाका ने स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आयोग का गठन सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए किया गया है। कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और समय पर वेतन सुनिश्चित करना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और उनके परिवारों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है। यदि कोई ठेकेदार वेतन देने में लापरवाही करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सफाई कर्मचारी को बिना सुरक्षा उपकरणों के सीवर या अन्य जोखिमपूर्ण कार्य में नहीं उतारा जाना चाहिए। यदि कोई अधिकारी, ठेकेदार या दरोगा बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करने का दबाव बनाता है तो कर्मचारी उसका विरोध करें और इसकी लिखित शिकायत आयोग को भेजें, आयोग ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करेगा।
चेयरमैन ने सफाई कर्मचारियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने का आह्वान किया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि न हो। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं, ताकि वे उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और देश की प्रगति में योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी के बच्चे की पढ़ाई में कोई समस्या आती है तो आयोग उसकी सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर में सफाई कर्मियों के एलएफटी, ब्लड प्रेशर, शुगर, एक्स-रे, सीबीसी तथा टीबी सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण नि:शुल्क किए जा रहे हैं, ताकि समय रहते बीमारियों का पता लगाकर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. भारत भूषण, भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट अशोक बिडलान, आयोग के सदस्य मोहित वाल्मीकि व जितेंद्र वाल्मीकि, सहायक नीलम, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, नगर परिषद ईओ राजा राम सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।