{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Safai Karamchari Strike News: रात के समय एजेंसी से कूड़ा उठवाने पर भड़के कर्मचारी, नेताओं ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

भिवानी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र। निजी एजेंसी से कूड़ा उठवाने के विरोध में EO, चेयरमैन और DMC दफ्तर के बाहर कूड़ा डाला।
 

भिवानी में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, EO , चेयरमैन,DMC कार्यालय के सामने डाला कूड़ा

एजेंसी के जरिए रात के समय कूड़ा उठवाने पर भड़के कर्मचारी

 भिवानी में सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन पर आंदोलन को दबाने के लिए कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने नगर परिषद के EO , चेयरमैन,DMC कार्यालय के सामने कूड़ा डालकर अपना रोष जताया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की और इसी तरह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रही, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

भिवानी में कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान नगर परिषद के EO , चेयरमैन,DMC कार्यालय के सामने कूड़ा डाला गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारी संगठन के जिला प्रधान अजय श्योराण ने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से पुलिस द्वारा कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि निजी एजेंसी के जरिए रात के समय कूड़ा उठवाने का काम किया जा रहा है और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर पूरी रात बाहर रखने के बाद सुबह छोड़ दिया जाता है। अजय श्योराण ने इसे सरकार की नाकामी बताते हुए कहा कि इसी के विरोध में चेतावनी स्वरूप EO , चेयरमैन,DMC कार्यालय के सामने कूड़ा डाला गया है।

अजय श्योराण ने चेतावनी दी कि अगर सरकार का रवैया इसी तरह जारी रहा तो कर्मचारी संगठन जल्द रणनीति बनाकर विधायक, सांसद, मंत्री, DC और अन्य अधिकारियों के कार्यालयों के सामने भी इसी तरह कूड़ा डालकर विरोध जताएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को उनकी मांगें पूरी करने के बजाय कार्रवाई के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई आंदोलन को उग्र करने और कर्मचारियों को जनता के साथ टकराव की स्थिति में लाने वाली है।

कर्मचारी नेता ने कहा कि आंदोलन में अब दूसरे विभागों के कर्मचारी संगठन और सामाजिक संगठन भी जुड़ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में कर्मचारियों की ओर से बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।
फिलहाल कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया और कार्रवाई जारी रही, तो विरोध प्रदर्शन को और व्यापक किया जाएगा। अब देखना होगा कि सरकार और प्रशासन कर्मचारियों के इस आंदोलन पर क्या कदम उठाते हैं।