Shiv Kumar Tanwar Updates: 12वीं पास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, योग्यता के आधार पर मिले नौकरी के अवसर
समग्र शिक्षा विभाग ने पंचायत भवन में लगाया रोजगार मेला
रोजगार मेले में 65 स्कूलों के करीब 190 विद्यार्थियों का 40 कंपनियों ने योग्यता के आधार पर लिया साक्षात्कार
भिवानी, 20 नवंबर। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से एडीसी दीपक बाबू लाल करवा के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्थानीय पंचायत भवन में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब लगभग 40 कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे, जिन्होंने जिले के 65 स्कूलों के 190 विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया। रोजगार मेला समग्र शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक शिव कुमार तंवर की देखरेख में हुआ।
रोजगार मेले में युवाओं को संबोधित करते हुए जिला परियोजना समन्वयक अधिकारी शिव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है, जो 12 वीं कक्षा पास करने के बाद आर्थिक परिस्थितियों के कारण आगे की पढ़ाई जारी रखने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने में सहयोग कर सकें।
उन्होंने बताया कि यह रोजगार मेला प्रतिवर्ष समग्र शिक्षा परियोजना के तहत आयोजित किया जाता है। राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (एनएसक्यूएफ) के अंतर्गत विद्यार्थियों को 14 कौशल क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाते हैं, इनमें कृषि, निर्माण, विद्युत एवं ऊर्जा, फैशन डिजाइनिंग, स्वास्थ्य देखभाल, निजी सुरक्षा, ऑटोमोबाइल, सूचना प्रौद्योगिकी, खुदरा व्यापार, सौंदर्य एवं देखभाल, मीडिया एवं मनोरंजन, पर्यटन, शारीरिक शिक्षा तथा बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर सहायक समन्वयक बलबीर सिंह दहिया और विवेक अधलखा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा के समन्वित संसाधन व्यक्ति सूर्यमणि ने भी विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुसार रोजगार चुनने के बारे में जानकारी दी।