पूरे महीने की भक्ति यात्रा का आधार स्तंभ है सावन मास का पहला सोमवार : चरणदास महाराज
भिवानी, 03 अगस्त : सावन मास के शुभारंभ के साथ ही छोटी भिवानी के हनुमान जोहड़ी धाम मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अनूठा माहौल देखने को मिला। सावन मास के पहले सोमवार के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भोर की पहली किरण के साथ ही हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। अलसुबह से ही कतारबद्ध होकर खड़े श्रद्धालुओं ने मुख्य देवालय में स्थापित शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव, जय भोलेनाथ और ओउम नम: शिवाय के जयकारों से पूरा मंदिर प्रांगण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना कर अपने परिवार के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि तथा देश की शांति व प्रगति के लिए भगवान आशुतोष से प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को सावन मास और इसके पहले सोमवार के विशेष आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। उन्होंने कहा कि सावन मास का पहला सोमवार इस पूरे महीने की भक्ति यात्रा का आधार स्तंभ है। इस दिन जो भी भक्त सच्चे मन और पूर्ण निष्ठा के साथ भोलेनाथ का व्रत रखता है व जलाभिषेक करता है, उसके जीवन के सभी कष्ट, रोग और भय दूर हो जाते हैं। यह दिन केवल अपनी मनोकामनाएं मांगने का नहीं, बल्कि अपने भीतर के विकारों को त्यागकर समाज में सेवा और सद्भाव की भावना अपनाने का पर्व है। हमारी यही प्रार्थना है कि महादेव भिवानी वासियों सहित समस्त देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें। इस अवसर पर ओमबीर कौशिक, अधिवक्ता धीरज सैनी, जयपाल परमार, मैनेजर धर्मबीर दहिया, नरेश शर्मा, सुंदर खरब, विजेंद्र जोगी, नीलम शर्मा, मुस्कान, बिंदो, सुमन, रीतू, मधु, कैलाशो सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।