{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी के सेक्टर 13, 23 में गहराया संकट : चोरी, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
 

चोरी की बड़ी वारदातों से दहशत में लोग, सैक्टर में सुनिश्चित की जाए पुलिस गश्त : रामकिशन शर्मा
 
 
भिवानी, 26 मई : शहर के पॉश इलाकों में शुमार सेक्टर 13 व 23 के ईडब्ल्यूएस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी इन दिनों गंभीर प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार हैं। चोरी की बढ़ती वारदातों, सुरक्षा व्यवस्था के अभाव और पीने के पानी व सीवर की बदहाली से तंग आकर अब स्थानीय निवासियों ने सीधे सूबे के मुखिया व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के चेयरमैन के सामने अपनी गुहार लगाने का मन बना लिया है। इस संबंध में मंगलवार को दि भिवानी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान (आजीवन उपलब्धि पुरस्कार प्राप्त) रामकिशन शर्मा के नेतृत्व में सैक्टरवासियों ने उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रधान रामकिशन शर्मा के साथ अशोक, सतवीर, राकेश, रामधन जांगड़ा, जिले सिंह, सुमेर सिंह, आनंद, मांगेराम सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
      उपायुक्त को मांगपत्र सौंपते हुए प्रधान रामकिशन शर्मा व डा. फूल सिंह धनाना ने कहा कि गत सप्ताह ही सेक्टर में लाखों रुपये की भारी चोरी हुई है। गश्त ना होने के कारण लोग रात-दिन भय के साये में जीने को मजबूर हैं। ऐसे में उनकी मांग है कि प्रशासन दोनों सेक्टरों में तुरंत स्थाई चौकीदारों की नियुक्ति करे। इसके साथ ही रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक पुलिस द्वारा विशेष हूटर गश्त सुनिश्चित की जाए ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो। उन्होंने कहा कि पुलिस की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोर बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे पूरे इलाके की सुरक्षा दांव पर लग गई है।
      सुरक्षा के अलावा एसोसिएशन ने उपायुक्त के समक्ष मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग उठाते हुए कहा कि कॉलोनी की बुनियादी स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शर्मा व धनाना ने कहा कि कॉलोनी के अधिकांश पाइप पूरी तरह ब्लॉक हैं। उनकी मांग की है कि प्रशासन तुरंत बड़ी सीवर मशीनें मंगवाकर इन्हें साफ कराए। पीने के साफ पानी की भारी किल्लत है। इसके समाधान के लिए जल घर में तुरंत तीसरा टैंक बनाया जाए। यही नहीं वाटर सप्लाई नेटवर्क की वाल्व पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, जिन्हें तुरंत बदलवाने की आवश्यकता है। प्रधान रामकिशन शर्मा और ने इस पूरे मामले को आगामी कष्ट निवारण समिति की बैठक में रखने की पुरजोर वकालत की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है, इसलिए अब सीधे उच्च स्तर पर दखल जरूरी है।
       उन्होंने कहा कि उपरोक्त समस्याओं से कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, यहां तक कई बार कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी ये मांगें उठाई जा चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस है। जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जिसके चलते सेक्टर 13 और 23 के निवासियों में भारी रोष है तथा इस आंदोलन को धार देने और प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी आगामी दिनों में सेक्टर्स की समस्याओं को लेकर उपायुक्त और संबंधित विभागों के आला अधिकारियों से मुलाकात करेगी और यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो निवासी बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।