- ढाई करोड़ रुपए की लागत से होगी सेक्टर 23 की सड़कों की कायाकल्प
भिवानी, 31 मई। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टर 23 के निवासियों को शीघ्र ही जर्जर सड़कों से निजात मिलने वाली है। डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा सेक्टर 23 की सभी शेष कंडम सड़कों के टेंडर लगा दिए गए हैं। इन सड़कों के नव निर्माण पर करीब ढाई करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा नगर परिषद द्वारा सिटी स्टेशन रोड पर नेता जी सुभाष चंद्र बोस चौक से तिगड़ाना रोड़ पर रेलवे फाटक तक और सुभाष चौक से गुजरानी रोड का हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सीमा तक भी नव निर्माण किया जाएगा। यूँ कह सकते हैं कि आने वाले कुछ समय में इस क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
उल्लेखनीय है कि सेक्टर 23 में अनेक सड़कों की हालत खस्ता बनी हुई है। यहां तक कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ग्रीन बेल्ट से सेक्टर में प्रवेश करने का रास्ता तो पैदल चलने लायक भी नहीं है। यहां पर हर रोज दुपहिया वाहन डगमगा कर गिरते हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे शहर के पॉश इलाक़े में शुमार सेक्टर 23 की हालत किसी अनअप्रूव्ड कॉलोनी से भी बदतर नजर आती है।
सेक्टर 23 सड़कों की माली हालत को सुधारने के लिए अनेक बार लोगों द्वारा जिला प्रशासन के समक्ष मांग रखी जा चुकी है। हलांकि नगर परिषद द्वारा सेक्टर के बीचों बीच जाने वाली एक सड़क का निर्माण करवाया जा चुका है लेकिन अनेक सड़कें ऐसी हैं, जिनकी हालत जर्जर बनी है और मामूली सी बारिश में पानी जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों और यहां के निवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
यहां बताना जरूरी है कि डीसी साहिल गुप्ता ने सेक्टर वासियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और नगर परिषद को सेक्टर 23 की सभी जर्जर सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए। डीसी के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा सभी जर्जर सड़कों का सर्वे करवाया गया और उनकी एस्टीमेट तैयार करवाए गए।
डीसी श्री गुप्ता ने बताया कि नगर परिषद द्वारा सेक्टर 23 की सड़कों के निर्माण के टेंडर लगा दिए गए हैं। इन सड़कों के निर्माण पर करीब ढाई करोड रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
बॉक्स
तिगड़ाना रेलवे फाटक तक और सेक्टर की सीमा तक गुजरानी रोड का भी होगा नवनिर्माण
जिला नगर आयुक्त हरबीर सिंह ने बताया कि सेक्टर 23 की सड़कों के साथ-साथ सिटी रेलवे स्टेशन रोड पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से तिगड़ाना रेलवे फाटक तक सड़क का भी नव निर्माण करवाया जाएगा इस रोड पर बॉक्सिंग क्लब तक तारकोल का रोड बनेगा इसके बीच में डिवाइड बनेगा और लाइट लगेंगी। बॉक्सिंग क्लब से आगे रेलवे फाटक तक सीसी रोड बनेगा। इस रोड के निर्माण पर भी करीब ढाई करोड रुपए की लागत आएगी।
इसी प्रकार से नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सीमा तक गुजरानी रोड का भी नव निर्माण करवाया जाएगा। इन सभी कार्यों के टेंडर हो चुके हैं। इन दोनों सड़कों हालत भी काफी लंबे समय से दयनीय बनी हुई है।
बॉक्स
सेक्टर 23 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन से महेंद्र सिंह श्योराण ने सड़कों के नवनिर्माण के टेंडर पर डीसी साहिल गुप्ता का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि इससे सेक्टर वासियों को बहुत बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़कों की हालत खराब होने से यहां के निवासियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। सेक्टरवासी आभारी हैं कि जिला प्रशासन और नगर परिषद प्रशासन ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया है।
बॉक्स
डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि नागरिकों की सड़क, बिजली, पानी, सीवरेज आदि समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करें। इन सब के बीच ही शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सेक्टर में सड़क, सीवरेज और बिजली व पानी की समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के साथ करें। सेक्टरों की सड़कों का नवनिर्माण करवाया जा रहा है। शीघ्र ही सेक्टर 23 की सड़कों का भी नव निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकार द्वारा शहीद भगत सिंह चौक से नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक तक की सड़क का भी जीर्णोद्धार किया जाएगा। सड़कों के नाम निर्माण के बाद नागरिकों को काफी राहत मिलेगी।