ऑल इंडिया जसपाल राणा मैमोरियल कप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में भिवानी की बेटी शर्मिला ने जीता ब्रांज मैडल, खेलप्रेमियों में खुशी की लहर
भिवानी, 03 अगस्त : हालही में कॉमनवेल्थ खेलों में खेल नगरी के नाम से मशहूर भिवानी की बेटियों ने मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भिवानी व देश का नाम रोशन किया। वही इससे अलग हटकर
भिवानी की बेटियां शूटिंग खेलों में शानदार प्रदर्शन कर भिवानी व प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही है। इसी फेहरिस्त में अब गांव बामला के पूर्व सरपंच नारायण सिंह पहलवान की पुत्री शर्मिला साहु सांगवान का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने 15 से 30 जुलाई तक देहरादून में आयोजित हुई ऑल इंडिया जसपाल राणा मैमोरियल कप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में सीनियर वर्ग में ब्रांज मैडल हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर भिवानी के खेलप्रेमियों में खुशी है तथा वे शर्मिला की उपलब्धि को अन्य बेटियों के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत बता रहे है। सबसे अहम बात यह है कि शर्मिला स्वयं अपने स्तर पर शूटिंग का अभ्यास करती है। अपनी इस उपलब्धि के बारे में जानकारी देते हुए पदक विजेता शर्मिला साहु सांगवान ने बताया कि उन्होंने 5 वर्ष पहले वर्ष 2021 में 10 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल से शुरूआत की थी, जिसके बाद उन्होंने लगातार कई प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अनेक पदक जीते
। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने पति गांव झोझू निवासी अशोक सांगवान व ससुरालजनों को देते हुए बताया कि उन्ही के प्रोत्साहन की बदौलत आज वे इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि उनके पति अशोक सांगवान ने खेल के हर पड़ाव में उनका साथ दिया तथा समय-समय पर उनका उत्साहवर्धन किया। शर्मिला ने बताया कि उन्होंने अपने खेल की शुरूआत अपने पिता पूर्व सरपंच नारायण सिंह पहलवान को प्रेरणा मानते हुए की थी, जो कि राष्ट्रीय स्तर के पहलवान थे। शर्मिला ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने देश को मैडल दिलाना है, जिसके लिए वे दिन-रात कड़ी मेहनत में जुटी हुई है। वही शर्मिला की उपलब्धि पर उनके पति अशोक सांगवान ने कहा कि शर्मिला ने जिस तरह से ग्राऊंड जीरो से उठकर प्रदेश के लिए मैडल जीता है, वह अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी शर्मिला ने प्री-स्टेट 50 मीटर फ्री पिस्टल के सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया था।