{"vars":{"id": "123258:4912"}}

ध्यान केंद्रित कर लक्ष्य हासिल करने में बहुत ही सहायक तीरंदाजी:एडीसी
 

- एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने केएम पब्लिक स्कूल में किया तीरंदाजी अकादमी का शुभारंभ
 
 

भिवानी, 04 मई।   बॉक्सिंग और कुश्ती में भिवानी जिले का नाम रोशन करने के बाद अब यहां के खिलाड़ी तीरंदाजी में अपने जौहर दिखा सकेंगे, जिसके प्रशिक्षण की सुविधा सोमवार से स्थानीय हांसी गेट स्थित केएम पब्लिक स्कूल में शुरू की गई है। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने सोमवार को स्कूल परिसर में शिवि तीरंदाजी एकेडमी का शुभारंभ किया। यह एकडेमी इसी स्कूल के विद्यार्थी रहे एवं तीरंदाजी कोच कुलविंद्र व उसके सहयोगी हेमंत व कर्ण द्वारा शुरु की गई है। एडीसी ने कहा कि खेल के साथ-साथ तीरंदाजी लक्ष्य को हासिल करने में बहुत सहायक होती है। इससे ध्यान केंद्रित होता है, जो बहुत जरूरी है। शुभारंभ के अवसर पर ओलंपियन शक्ति सिंह, प्रो. सुरेश कुमार, बस्तीराम, जयवीर सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सारिका पंडित ने किया।


शुभारंभ के दौरान एडीसी ने तीर से लक्ष्य पर निशाना साधते हुए अपने हाथ आजमाए। उन्होंने कहा कि भिवानी का नाम बॉक्सिंग और कुश्ती में विश्व में प्रसिद्घ है। यहां के खिलाडिय़ों ने दुनिया में जिले का नाम रोशन किया है। यह एकडेमी युवाओं को तीरंदाजी में निपुण करेगी, जिससे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने को प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्या रेनू सैनी ने एडीसी व अन्य मेहमानों का स्वागत किया और स्कूल की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पूर्व छात्र कुलविंदर व उसके सहयोगियों के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने एडीसी व सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विशेषकर कक्षा नौवीं से बारहवीं के सभी विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
इस दौरान अकादमी प्रभारी कुलविंद्र ने एडीसी को बताया कि यह अकादमी छात्रों में तीरंदाजी का कौशल विकसित करने व अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शुरु की गई है। स्कूल के अलावा बाहरी युवा भी यहां पर प्रशिक्षण ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि केएम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ के बच्चों के लिए मासिक शुल्क 2000 रुपए, बाहरी छात्रों के लिए मासिक शुल्क 3000 रुपए तथा दिव्यांग खिलाडिय़ों को विशेष छूट दी जाएगी। बाहरी छात्रों के लिए हॉस्टल सुविधा भी रहेगी। तीरंदाजी प्रशिक्षण का समय विद्यालय के खेल के मैदान में सुबह और शाम को रखा गया है।