44th Annual Festival Blood Camp Updates: एम्स बाढ़सा की टीम ने किया रक्त संग्रहण, स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में हुआ आयोजन
पुनीत कार्य रक्तदान की कोई बराबरी नहीं: एडीसी दीपक बाबूलाल करवा
श्री राधिका धाम में 44 वें वार्षिक उत्सव पर विशाल रक्तदान शिविर संपन्न, 81 ने किया रक्तदान
भिवानी, 16 नवंबर। श्रीकृष्ण प्रणामी जनकल्याण ट्रस्ट परमहंस पीठ श्री राधिका धाम भिवानी के 44 वें वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को स्थानीय श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने शिरकत की। उन्होंने रक्तदाताओं का बैज लगाकर उत्साहवर्धन किया। शिविर का आयोजन संत शिरोमणि हिंदू रत्न गुरु श्रीश्री 108 परमहंस डा. स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस शिविर में 81 लोगों ने रक्तदान किया। एम्स बाढ़सा की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।
इस मौके पर मुख्य अतिथि एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने ट्रस्ट की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसकी कोई बराबरी नहीं है। जब कोई व्यक्ति रक्तदान करता है, तो वह केवल रक्त की बूंदें नहीं देता, बल्कि किसी अनजान परिवार की खुशियों और एक अनमोल जीवन को बचाता है। श्री कृष्ण प्रणामी जनकल्याण ट्रस्ट द्वारा धार्मिक उत्सव को समाज सेवा से जोडऩा समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण है।
संत शिरोमणि हिंदू रत्न डा. स्वामी सदानंद महाराज ने अपने संदेश में लोगों से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को पूरी तरह छोडऩे और निस्वार्थ भाव से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि एक स्वस्थ व्यक्ति के नियमित रक्तदान करने से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।
इस मौके पर प्रवक्ता डॉ. मुरलीधर शास्त्री ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य सदैव जनकल्याण और पीडि़त मानवता की सेवा करना रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को शास्त्रों में भी परोपकार और जीवन रक्षा को सबसे बड़ा धर्म बताया गया है। उन्होंने कहा कि परमहंस पीठ श्री राधिका धाम सदैव धर्म के साथ-साथ सेवा के मार्ग पर अग्रसर रहा है।
इस अवसर पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा व अशोक यादव ने भी रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर मोहन प्रिया आचार्य, नारायण स्वामी, जगत राज महाराज, राजदास, मुकुंद शरण, अनिल शास्त्री, अमित रावल वासिया, दिलीप मिश्रा, रमेश अग्रवाल, हनुमान तायल, रामफल, सुरेश गर्ग, दीनदयाल, ऋषि सिंगल, स्वामी नवराज प्रपंच हरिद्वार, गोपाल प्रणामी हरिद्वार, रविकांत, पवन तिवारी, राजेश, अग्रवाल मीणा महाराज, प्रकाश शर्मा, शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा, अशोक यादव, डा. सुखविंद्र दुहन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।