{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला अभियान, चार चालान कर वसूला 14 हजार रुपये जुर्माना
 

भिवानी में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद की छापेमारी। प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर 4 चालान काटे गए और 14,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

 

भिवानी, 26 जून। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर परिषद की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के उपयोग पर रोक लगाने के लिए शहर में विशेष अभियान चलाया। जेईई चंचल के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने पर चार चालान किए गए तथा कुल 14 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र अरोड़ा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसके तहत शहर के प्रमुख स्थानों पर जागरूकता बैनर भी लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक और पॉलीथिन पर्यावरण के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा हैं। प्रदूषित पर्यावरण से अनेक प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।