{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Pet Dog Brutality News: सिवानी के गांव गरवा में पालतू कुत्ते से बर्बरता पर फूटा रोष, SP से सख्त कार्रवाई की मांग

सिवानी के गांव गरवा में पालतू कुत्ते की हत्या पर गौरक्षा दल भिवानी ने एसपी को शिकायत सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
 

पालतू कुत्ते की क्रूरता हत्या पर भिवानी में फूटा आक्रोश, गौरक्षा दल भिवानी ने एसपी को शिकायत सौंप की सख्त कार्रवाई की मांग
 

बेजुबान जीव के साथ हैवानियत और बर्बरता समाज और मानवता के मुंह पर है तमाचा : संजय परमार
 

भिवानी, 26 अगस्त : भिवानी जिले के सिवानी उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव गरवा में एक बेजुबान पालतू कुत्ते के साथ हुई अमानवीय और रूह कंपा देने वाली कूरता की घटना से पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। इस बर्बरतापूर्ण घटना के विरोध में गौरक्षा दल भिवानी आगे आई तथा उन्होंने मामले में पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच तथा असली दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
   

 शिकायत सौंपते हुए गौरक्षा दल भिवानी के प्रधान संजय परमार ने बताया कि 13 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच किसी अज्ञात निर्दयी व्यक्ति ने गांव गरवा निवासी जागर सिंह के देसी पालतू कुत्ते पर बेइंतहा अत्याचार किया। आरोपी ने बेजुबान जानवर के साथ अत्यंत क्रूरता करते हुए उसके साथ बर्बरता की, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस नृशंस घटना के बाद कुत्ते का पोस्टमार्टम सरकारी पशु अस्पताल मिट्ठी में करवाया गया, जिसमें क्रूरता की पुष्टि हुई। गौरक्षा दल के अध्यक्ष संजय परमार ने बताया कि शुरुआत में कुत्ते के मालिक जागर सिंह ने इस मामले में अपने पड़ोसी विकास के खिलाफ पुलिस चौकी इंचार्ज झुप्पा को शिकायत दी थी। हालांकि बाद में जागर सिंह ने विकास पर लगाए गए आरोपों को गलत मानते हुए अपनी दरखास्त वापस ले ली और कुत्ते की हत्या की जांच करवाने या आरोपी पर कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
     

मामले को ठंडे बस्ते में जाते देख गौरक्षा दल भिवानी के अध्यक्ष संजय परमार ने खुद इस मामले को गंभीरता से लिया और भिवानी पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगाई। संजय परमार ने ऐतराज जताते हुए कहा कि किसी भी बेजुबान जीव के साथ इस तरह की हैवानियत और बर्बरता समाज और मानवता के मुंह पर तमाचा है। यदि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले और बुलंद होंगे। उन्होंने मांग की है कि मामले की गहनता और निष्पक्षता से जांच करवाई जाए, ताकि इस क्रूर वारदात को अंजाम देने वाले असली हैवान का पता लगाकर उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके।