Distribution Sweets Diwali News 2026: भिवानी में दिवाली पर खुद सड़कों पर उतरे SP मयंक मिश्रा: बाजारों में सुरक्षा का लिया जायजा, जवानों को बांटी मिठाई
दीपावली पर्व पर पुलिस अधीक्षक भिवानी ने स्वयं बाजारों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पुलिस कर्मचारियों को मिठाई देकर दी शुभकामनाएं।
दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस भिवानी द्वारा किए गए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों का पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा ने 8 नवंबर 2026 को निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डीएसपी भिवानी श्री अनूप तथा सीआईए-2 प्रभारी उपनिरीक्षक दशरथ मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने स्वयं बाजारों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस नाकों एवं पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी का निरीक्षण किया। उन्होंने बाजारों में दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान दुकानदारों ने पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधों की सराहना करते हुए बताया कि पुलिस की मुस्तैदी से बाजारों में सुरक्षित माहौल बना रहा।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए मचान एवं नाकों पर दिन-रात अपनी ड्यूटी निभा रहे पुलिस जवानों को मिठाई वितरित की तथा उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में जिला पुलिस भिवानी के डीएसपी एवं थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में आम नागरिकों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों से संवाद किया तथा उन्हें मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा ने कहा कि दीपावली पर्व को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के व्यापक प्रबंध किए गए थे। बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि आम नागरिक बिना किसी परेशानी के त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने में आमजन का भी पुलिस को पूरा सहयोग मिला।
*जिला पुलिस भिवानी आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। नागरिकों के सहयोग से ही त्योहारों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाया जा सकता है।*