{"vars":{"id": "123258:4912"}}

CTM Anil Kumar News 2026: भिवानी में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर समीक्षा बैठक: नगराधीश अनिल कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मांगा सहयोग

भिवानी में नगराधीश अनिल कुमार की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई। 20 नवंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। पूरी खबर पढ़ें।
 

विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर नगराधीश ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की समीक्षा बैठक

भिवानी, 12 नवंबर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में नगराधीश अनिल कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगराधीश ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग की अपील के साथ-साथ आवश्यक जानकारी दी।  

बैठक में सीटीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें। अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से एसआईआर  संबंधी कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें। मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रक्रिया और समयावधि के अनुसार दर्ज करवाएं, ताकि पुनरीक्षण का कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से पूरा हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी तरह पालना सुनिश्चित की जाए। जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में प्रपत्र वापस नहीं मिलने के कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए, वे अब दोबारा आवेदन कर सकेंगे। सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में 20 नवंबर तक शामिल करवाने तथा अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नामों की नियमानुसार जांच करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।

इस दौरान एसडीएम भिवानी महेश कुमार, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार व एसडीएम लोहारू मनोज दलाल के अलावा विभिन्न राजनैतिक दलों से प्रतिनिधि मौजूद रहे।