एचआर मंच द्वारा उठाई गई मांग हुई पूरी
गांव सुई में पीएचसी के पुर्ननिर्माण से प्राथमिक उपचार गांव में ही हो सकेगा मुहैया : अंकुश शर्मा
भिवानी, 28 अप्रैल : ग्रामीण विकास के क्षेत्र में देश भर में मिसाल बन चुके आदर्श गांव सुई के लिए एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ गया है। प्रदेश सरकार ने जनहित में बड़ा फैसला लेते हुए सुई गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पुर्ननिर्माण को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण मांग के पूरा होने पर एचआर मंच के निदेशक और युवा समाजसेवी अंकुश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र सिंह बडख़ालसा व भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धूपड़ का विशेष आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि बीते दिनों भिवानी प्रवास के दौरान अंकुश शर्मा ने मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र सिंह बडख़ालसा से मुलाकात कर सुई गांव की इस लंबित मांग को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने एक मांगपत्र सौंपते हुए बताया था कि सुई गांव को आदर्श श्रेणी में लाने के बाद यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस गांव में स्थित प्राथमिक केंद्र को सरकार द्वारा कंडम घोषित किया जा चुका है, जिसको पुर्न निर्माण की सख्त जरूरी है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस पर त्वरित संज्ञान लिया, जिसके परिणामस्वरूप अब गांव में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनने का रास्ता साफ हो गया है।
इस मौके पर एचआर मंच के निदेशक अंकुश शर्मा ने कहा कि यह सुई गांव और आसपास के क्षेत्र के लिए एक बड़ी जीत है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का निर्णय दर्शाता है कि सरकार अंत्योदय और ग्रामीण स्वास्थ्य के प्रति कितनी गंभीर है। विशेष रूप से ओएसडी विरेंद्र सिंह बडख़ालसा का धन्यवाद, जिन्होंने इस मांग की महत्ता को समझा और इसे अमलीजामा पहनाने में सेतु का कार्य किया।
अंकुश शर्मा ने स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना से होने वाले फायदों को रेखांकित करते हुए इसे गांव की संजीवनी बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में छोटी-मोटी बीमारियों या आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों को भिवानी शहर या अन्य बड़े केंद्रों की ओर रुख करना पड़ता है। पीएचसी बनने से प्राथमिक उपचार गांव में ही मिल सकेगा। वही केंद्र की स्थापना से गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच और शिशुओं की देखभाल के लिए घर के नजदीक ही सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे मातृ-मृत्यु दर में कमी आएगी। अंकुश शर्मा ने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे सुई गांव के सर्वांगीण विकास में एक नया मील का पत्थर स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि गांव की पानी की डिग्गी के टैंक का पुर्न निर्माण करवाने के प्रयास किए जा रहे है, जिसकी फाई मुख्यमत्री के कार्यालय में पहुंचा दी गइ है।