Teej Mahotsav Bhiwani: पंडित सीताराम शास्त्री स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित, अस्मिता ने हासिल किया पहला स्थान
भारत विकास परिषद की शहीद मदनलाल धींगड़ा शाखा ने तीज पर मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की। जानें विजेताओं के नाम और पूरी खबर।
भाविप की शहीद मदनलाल ढ़ींगड़ा शाखा द्वारा तीज महोत्सव पर मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित, 50 छात्राओं ने लिया भाग
तीज जैसे त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की पहचान : प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा
भिवानी, 12 अगस्त : हरियाली तीज के उपलक्ष्य में स्थानीय पंडित सीताराम शास्त्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारत विकास परिषद की शहीद मदनलाल धींगड़ा शाखा द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी रचनात्मक कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कुल 50 छात्राओं ने भाग लेकर एक से बढक़र एक खूबसूरत और आकर्षक मेहंदी डिज़ाइन बनाए। पूरा प्रांगण तीज के त्योहार की उमंग और मेहंदी की खुशबू से सराबोर नजऱ आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने तीज महोत्सव के सांस्कृतिक व सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तीज और मेहंदी जैसे पारंपरिक त्योहार हमारी सनातन संस्कृति और समृद्ध विरासत का अभिन्न अंग हैं। ये त्योहार न केवल समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़े रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे शहीद मदनलाल धींगड़ा शाखा के अध्यक्ष कमल नयन वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद का उद्देश्य सदैव युवाओं में भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों का सिंचन करना रहा है। मेहंदी प्रतियोगिता जैसे आयोजन छात्राओं की प्रतिभा और कलात्मक सोच को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हमारी बेटियां अपनी परंपराओं को आधुनिक दौर में भी गर्व के साथ आगे बढ़ा रही हैं।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए एक विशिष्ट निर्णायक मंडल का गठन किया गया था, जिसमें पूर्व प्राचार्या डॉ. मंजू गौतम, सुबोध रानी शर्मा, अंगूरी देवी शर्मा और शाखा महिला सहभागिता प्रमुख निर्मला देवी शामिल रहीं। इस दौरान प्रथम स्थान पर अस्मिता, द्वितीय स्थान पर कंचन तथा तृतीय स्थान पर महक रही। इनके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा विदूषी और हर्षिया को सांत्वना पुरस्कारसे सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा ब्रह्मचारी शेखावटी आश्रम के प्रशासक शुकदेव मुनि, विद्यालय की प्राचार्या सोनिया कौशिक, प्राचार्य सुनील शास्त्री, लाला लाजपत राय शाखा के अध्यक्ष सुनील आसरि, जिला सह-समन्वयक अनिल तायल, शाखा सचिव जगदीश चंद्र शर्मा, सेवा गतिविधि संयोजक व पूर्व शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा, पूर्व सचिव तिलक राज अरोड़ा, अशोक कुमार मेहंदीरत्ता, संजय मुदगिल, पूर्व प्राचार्य सुभाष जांगड़ा, इंदु गुप्ता तथा संस्कार गतिविधि संयोजक सूरज प्रकाश जोशी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।