{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जन संघर्ष समिति के नेतृत्व में हनुमान ढाणी टिब्बा बस्ती गली नंबर-3 के निवासियों ने किया प्रदर्शन
 

पेयजल आपूर्ति बहाल करने हेतु अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर आंदोलन करने की दी चेतावनी
 
 
भिवानी, 26 मई : जनसंघर्ष समिति भिवानी के नेतृत्व में स्थानीय हनुमान ढ़ाणी टिब्बा बस्ती की गली नंबर 3 की महिलाओं ने पिछले एक सप्ताह से पीने का पानी नहीं आने से आक्रोश स्वरूप मंगलवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन कियास। गौरतलब है कि दूसरी बस्ती में पीने का पानी नहीं पहुंचने पर विभाग ने टिब्बा बस्ती की लाईन को रोक दिया, फिर टिब्बा बस्ती में एक सप्ताह से पानी नहीं आया और जहां पानी पहुंचाना चा रहे थे, वहां भी पानी नहीं पहुंच पाया। विभाग का यह अनुभव विपरीत साबित हुआ। टिब्बा बस्ती निवासियों ने अपनी समस्या के समाधान हेतु जन संघर्ष समिति भिवानी के संयोजक व माकपा नेता कामरेड ओमप्रकाश को मौके पर बुलाया तो उन्होंने विभाग के एसडीओ से बात करके बस्ती वासियों की पानी की समस्या का समाधान करने के लिए कहा। उन्होंने हनुमान ढाणी गली नंबर-3 के निवासियों की भी पानी की समस्या के समाधान करने के लिए कहा। इस अवसर पर माकपा जिला सचिव मंडल सदस्य सुखदेव पालवास ने कहा कि पूरे शहर में पीने के पानी को लेकर तथा बिजली संकट को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। 42 दिन में नहर में पानी आता है, उसमें भी तीन या चार दिन ही वाटर टैंकों व जोहड़ों के लिए पानी मिलता है। शहर व गांव के वाटर टैंक पूरी तरह से भर नहीं पाते। एक सप्ताह के बाद ही पानी की राशनिंग शुरू हो जाती है और महीने के आखिरी 10 दिनों में पीने का पानी मिल ही नहीं पाता है। लोग 800 से एक हजार रुपये लगाकर टैंकर मंगवाने के लिए मजबूर होते है। संबंधित विभाग के पास आपातस्थिति में टैंकरों की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी विभाग के अधिकारी दावा करते हैं कि सुचारू व्यवस्था करने में एक वर्ष लगेगा। शहर में तीन वाटर टैंक बनवाने व 42 वर्षों की लाईन बदलवाने हेतु जो टैंडर जारी किए है, उनको फाइनल करने में भी मुख्यमंत्री दो महीने लेंगे। सरकार व प्रशासन की ऐसी ढिलाई का शिकार जनता हो जाती है। प्रदर्शन में नंद किशोर सैनी, शिवकुमार, सुमित्रा सैनी, चंद्रकला, सुनिता, पूनम, संतोष, नानीबाई, कमलेश व सरोज शामिल रही।