{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कर्मचारियों का फूटा गुस्सा : तोशाम में हल्ला बोल प्रदर्शन कर सरकार को दी सीधी चेतावनी
 

17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर हरियाणा सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा : 4 व 18 जुलाई को मंत्रियों के आवास का होगा महाघेराव
 
 
भिवानी, 15 जून : हरियाणा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों, वादाखिलाफी और मानी हुई मांगों को लागू करने में की जा रही टालमटोल के खिलाफ प्रदेश के तकनीकी व मैकेनिकल कर्मचारियों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच गया है। सोमवार को हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन (रजिस्टर नंबर 41), मुख्यालय चरखी दादरी संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की तोशाम ब्रांच के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने सडक़ों पर उतरकर जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्यकारी अभियंता के माध्यम से इंजीनियरिंग इन चीफ के नाम 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रदर्शन की अध्यक्षता पब्लिक हेल्थ तोशाम ब्रांच के प्रधान संदीप सिहाग ने की, जबकि मंच का संचालन ब्रांच सचिव दीवान मेहरा ने किया। मुख्य वक्ता के तौर पर राज्य सह सचिव संदीप सौरखी, राज्य उप प्रधान सूरजभान जटासरा और पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बलराज विशेष रूप से पहुंचे।
      मांगपत्र के माध्यम से यूनियन ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ग्रामीण पेयजल स्कीमों का हस्तांतरण रोकना, पदों को समाप्त करना बंद हो, वेतन विसंगति दूर करना, लिपिक पद पर पदोन्नति, सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति, तकनीकी पदों पर नियुक्ति, एलटीसी का भुगतान, मासिक धुलाई भत्ता, एक्स ग्रेसिया नीति में सुधार, कैशलेस मेडिकल सुविधा, जोखिम भत्ता, मुफ्त पेयजल सुविधा सहित अन्य मांगें उठाई। प्रदर्शन के बाद यूनियन के राज्य सह सचिव संदीप सौरखी, राज्य उप प्रधान सूरजभान जटासरा और ब्रांच प्रधान संदीप सिहाग ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के सब्र का इम्तिहान लेना बंद करे। पिछले दिनों हुई विभागीय मंत्री की उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की जिन जायज मांगों पर सहमति बनी थी और जिन्हें तुरंत लागू करने का वादा किया गया था, उन्हें आज तक अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। अफसरशाही और सरकार मिलकर फाइलों को दबाए बैठे हैं और धरातल पर कर्मचारियों को सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। अब यह हठधर्मिता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
       कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन 17 मांगों को तुरंत नोटिफाई नहीं किया गया, तो पूरे हरियाणा का कर्मचारी सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर होगा तथा 4 जुलाई को सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के भिवानी आवास तथा 18 जुलाई को बी एंड आर व पब्लिक हेल्थ मंत्री रणबीर गंगवा के के हिसार स्थित आवास का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर पीएच तोशाम ब्रांच कोषाध्यक्ष मनोज पंघाल, ब्रांच उप प्रधान योगेश, अनिल बागनवाला, पीएच कैरू ब्रांच प्रधान राजपाल, सचिव कुलदीप, कोषाध्यक्ष विकास स्वामी, पूर्व जिला कमेटी से पुरूषोतम गौड़, रिटायर्ड कर्मचारी संघ से जिला सह सचिव महावीर शर्मा, तोशाम ब्लॉक प्रधान अभय राम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।