{"vars":{"id": "123258:4912"}}

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लिटिल हार्ट्स स्कूल में वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
 

- सेशन जज डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने पौधारोपण कर रैली को दिखाई हरी झंडी, विद्यार्थियों से एक-एक पौधे के संरक्षण का लिया संकल्प
 
 

भिवानी, 4 जुलाई। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी के मार्गदर्शन में लिटिल हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण रैली भी निकाली गई, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी की चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने पौधारोपण कर किया। इसके बाद उन्होंने पर्यावरण संरक्षण रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए। इस अवसर पर सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार, वैश्य कॉलेज के प्राचार्य संजय गोयल, लिटिल हार्ट्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक पवन गोयल, भावना गोयल, मैनेजर सतीश गोयल, प्राचार्य दीपक जोशी, उप-प्राचार्य सुदेश, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. गगनदीप कौर सिंह ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, जलवायु संतुलन और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। छात्र-छात्राएं स्वयं अधिक से अधिक पौधे लगाएं और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही मानवता का संरक्षण है और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम के समापन पर सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।