विद्यांतरिक्ष स्कूल की जिया ने नेशनल बॉक्सिंग में जीता कांस्य पदक, हर्ष ने स्टेट लेवल पर चमकाया नाम
विद्यांतरिक्ष स्कूल भिवानी की छात्रा जिया ने नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप और छात्र हर्ष ने स्टेट पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान।
भिवानी। विद्यांतरिक्ष सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में भी विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। इसी कड़ी में, विद्यालय की कक्षा 7वीं की होनहार छात्रा जिया ने जालंधर (पंजाब) में आयोजित 5वीं (अंडर-15) सब-जूनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया है।
गौरतलब है कि इससे पहले जिया ने ताशकंद (उज़्बेकिस्तान) में आयोजित एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी पदक जीतकर उसने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है।
वहीं, विद्यालय के कक्षा 7वीं के एक और प्रतिभाशाली छात्र हर्ष ने कुरुक्षेत्र में 9-10 जून को आयोजित 14वीं हरियाणा स्टेट पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी इस उपलब्धि से अपने माता-पिता, विद्यालय और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
इस शानदार सफलता पर स्कूल के निदेशक श्री कर्ण मिर्ग व ऐकडेमिक हेड मुकेश कुमार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें अपने इन होनहार खिलाड़ियों पर गर्व है। हमारी कामना है कि ये बच्चे भविष्य में भी देश के लिए अनेक पदक जीतें और शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहें। उन्होंने कहा कि विद्यांतरिक्ष स्कूल अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के उत्कृष्ट समन्वय के कारण शहर में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है तथा निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।