Haryana Anti Corruption Bureau News: जमीन की पैमाइश और नकल के एवज में मांग रहा था घूस, रंगे हाथों पकड़ा गया कानूनगो
भिवानी में विजिलेंस का बड़ा ट्रैप, ₹10 हजार रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार,
भिवानी : भिवानी में एंटी करप्शन ब्यूरो यानी विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में तैनात एक फील्ड कानूनगो को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार एक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी कि भू-स्वामित्व योजना के तहत जमीन की पैमाइश और नकल रपट उपलब्ध करवाने के बदले उससे रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट और शैडो टीम की मौजूदगी में ट्रैप लगाया।कार्रवाई के दौरान फील्ड कानूनगो अशोक कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि मामला मुंडाल गांव की भू-स्वामित्व योजना से जुड़ा है, जिसके तहत पात्र लोगों को मालिकाना हक देने की प्रक्रिया चल रही है।विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसकी शिकायत तुरंत विजिलेंस विभाग को दें।