{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मतदाता जागरूकता : एसआईआर अभियान के तहत नागरिकों ने ली राष्ट्र निर्माण की शपथ
 

सशक्त लोकतंत्र के लिए हर नागरिक की भागीदारी अनिवार्य : सचिव प्रदीप कुमार
 
 

भिवानी, 27 जून : लोकतंत्र के महापर्व में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला रैडक्रॉस सोसायटी भिवानी द्वारा एक विशेष पहल की गई है। जिला रैडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन तथा जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हिंदुस्तान गम्स एंड कैमिकल में एसआईआर अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं कर्मचारियों को मतदान के महत्व से रूबरू करवाया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद जिला प्रशिक्षण अधिकारी विकास कुमार ने नागरिकों को प्रेरित करते हुए एसआईआर करवाएंगे, देश को मजबूत बनाएंगे की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को जागरूक करते हुए कहा कि हर एक वोट देश के विकास की नींव को सुदृढ़ करता है, इसलिए अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। इस मौके पर जिला रैडक्रॉस सोसायटी के सचिव प्रदीप कुमार ने कहा कि रैडक्रॉस सोसायटी केवल स्वास्थ्य और समाज सेवा में ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के हर महत्वपूर्ण स्तंभ में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही है। मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा परम कर्तव्य है। सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि एसआईआर अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि एसआईआर यानि विशेष गहन पुर्ननिरीक्षण का कार्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी व समावेशी बनाने की एक प्रक्रिया है। जिसकी विशेषता यह है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र व्यक्ति को मतदाता सूची से हटाना है। एसआईआर कार्य उन मतदाताओं के विवरणों की जाच करेगा, जिसका विवरण पिछली मतदाता सूची से मेल नहीं खाता। इस अभियान के माध्यम से हम युवाओं, महिलाओं और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ रहे हैं। इसी जागरूकता अभियान के अंतर्गत हिंदुस्तान गम्स एन्ड कैमिकल लि0 क्लब की प्रधान सुजाता शारदा व उनकी टीम सदस्यों के साथ मिलकर यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हमारा लक्ष्य भिवानी जिले में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है। रैडक्रॉस की टीमें आने वाले दिनों में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जाकर नुक्कड़ नाटकों, कार्यशालाओं और शपथ ग्रहण कार्यक्रमों के माध्यम से इस मुहिम को और तेज करेंगी। जब नागरिक जागरूक होंगे, तभी देश मजबूत बनेगा। कार्यक्रम के अंत में रैडक्रॉस पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि एसआईआर जागरूकता कार्यक्रम में सहयोग करें अपने आस-पास के लोगों को भी इस महापर्व का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करें।