Bhiwani Voter Roll Special Campaign: भिवानी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान, जानिए डीसी साहिल गुप्ता के निर्देश
बीएलओ 22, 23, 29 तथा 30 अगस्त को अपने-अपने बूथों पर लेंगे दावे एवं आपत्तियां
एसआईआर के विशेष अभियान के तहत सुने जाएंगे दावे एवं आपत्तियां
भिवानी, 21 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी साहिल गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए जिले में 22, 23, 29 तथा 30 अगस्त को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गुप्ता ने बताया कि इन विशेष अभियान दिवसों पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पात्र मतदाताओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, संशोधन करवाने अथवा अन्य संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक कार्रवाई पूरी करवाएं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में पात्र व्यक्ति का नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी के लिए आवश्यक है। इसलिए जिन नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित कोई दावा या आपत्ति दर्ज करवानी है, वे विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं और बीएलओ को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारु बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने में परेशानी न हो, इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा भी उपलब्ध है। मतदाता इस नंबर पर संपर्क कर मतदाता सूची एवं निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
डीसी ने आमजन से अपील की है कि वे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करें और अपने नाम व विवरण की जांच अवश्य करें।