{"vars":{"id": "123258:4912"}}

- मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी: डीसी साहिल गुप्ता
 

भिवानी में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के लिए डीसी साहिल गुप्ता ने बीएलओ को प्रतिदिन 15% फॉर्म वितरण के निर्देश दिए। लापरवाही पर होगी सख्त विभागीय कार्रवाई।

 
भिवानी, 17 जून। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त साहिल गुप्ता ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर सभी निर्वाचन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार इस महत्वपूर्ण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
डीसी ने निर्देश दिए कि आगामी दिनों में गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरण कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रत्येक बीएलओ अपने मतदान क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम 15 प्रतिशत प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित करेगा तथा वितरण की दैनिक प्रगति बीएलओ एप पर नियमित रूप से अपडेट करेगा। किसी भी प्रकार की देरी, चूक अथवा गलत रिपोर्टिंग को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 18 जून को बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी ईआरओ, एईआरओ, जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा बीएलओ सुपरवाइजर नवीनतम प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहेंगे।
डीसी ने निर्देश दिए कि जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा नगर निगम प्रशासन ग्राम पंचायतों और वार्ड समितियों में बैठकें आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करें तथा बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित करें।
उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस महत्वपूर्ण निर्वाचन गतिविधि को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा कोई भी अन्य नियमित कार्य इसकी प्रगति में बाधा नहीं बनना चाहिए।
साहिल गुप्ता ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अवहेलना, लापरवाही, देरी अथवा गैर-अनुपालन पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पडऩे पर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के तहत दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
बॉक्स
- मतदाताओं के लिए निर्वाचन विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय भिवानी के नंबर 01664-1950, लोहारू विधानसभा क्षेत्र के लिए 01252-298227, भिवानी विधानसभा क्षेत्र  के लिए 01664-242137, तोशाम विधानसभा क्षेत्र 0125-258352 व बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए 01664-244885 नंबर पर मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है।