{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज : माधव मंडल के बूथ 88 पर भरा गणना प्रपत्र
 

लोकतंत्र की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रत्येक वोट जरूरी : दीपक अग्रवाल तौला
 
 

भिवानी, 03 जुलाई : लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव यानी मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और मजबूत बनाने के उद्देश्य से भिवानी विधानसभा क्षेत्र (57) के माधव मंडल के अंतर्गत आने वाले बूथ संख्या 88 पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत तेजी से काम चल रहा है। इसी कड़ी में बूथ 88 के अंतर्गत आने वाले नागरिकों ने अपने निज निवास पर गणना प्रपत्र भरकर इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। प्रशासनिक तौर पर मनोनित अधिकारी दीपक शर्मा ने इस दौरान मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों से फॉर्म भरवाने का कार्य संपन्न कराया। इस अभियान को लेकर मेरा बूथ सबसे मजबूत बूथ 88 के बीएलओ व वरिष्ठ भाजपा नेता दीपक अग्रवाल तौला ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य हर एक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में पूरी तरह से सही और प्रमाणिक रूप से दर्ज करना है। उन्होंने कहा कि जब तक हर एक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक लोकतंत्र की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को और अधिक सुदृढ़ नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो विकसित भारत संकल्प यात्रा चल रही है, उसका मूल मंत्र ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना भी इसी सबका प्रयास का एक बेहद अहम हिस्सा है। तौला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रदेश का एक-एक कार्यकर्ता और जिम्मेदार नागरिक इस अभियान को सफल बनाने में जुटा हुआ है। संगठन और सरकार दोनों का यही संकल्प है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे। भाजपा शीर्ष नेतृत्व की ओर से प्रदेशवासियों से यह विशेष आग्रह किया गया है कि वे इस गहन पुनरीक्षण अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को अंतिम तिथि है, इसके बाद लिस्ट प्रकाशित हो जाएगी।  ऐसे में सभी नागरिक समय रहते अपना गणना प्रपत्र भरें, अपनी जानकारियों की जांच करें और देश व प्रदेश के लोकतंत्र को और अधिक सशक्त व पारदर्शी बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।