भिवानी में पेयजल संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, वार्ड-27 के लोगों ने किया प्रदर्शन,
भिवानी के वार्ड नंबर-27 में पिछले 2 सालों से जारी पेयजल संकट को लेकर क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन किया। पार्षद बिल्लू बादशाह ने मुख्य मार्ग जाम करने की चेतावनी दी।
भिवानी के वार्ड नंबर-27 में पेयजल संकट को लेकर लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। वार्ड पार्षद गोविंदराम शर्मा उर्फ बिल्लू बादशाह के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वार्ड के कई इलाकों में पिछले करीब दो वर्षों से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि कई-कई सप्ताह तक पानी की आपूर्ति नहीं होती, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद बिल्लू बादशाह ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड के हिस्से का पानी दूसरी जगहों पर सप्लाई किया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो क्षेत्रवासी अनिश्चितकालीन धरना और शहर के मुख्य मार्गों को जाम करने को मजबूर होंगे। वहीं, इन आरोपों पर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।