भिवानी में भीषण जल संकट : पार्षद बिल्लू बादशाह ने समाधान शिविर में दी शिकायत
भिवानी, 03 अगस्त : भिवानी में भीषण जल संकट को लेकर पार्षद बिल्लू बादशाह ने समाधान शिविर में दी शिकायत,
भीषण गर्मी के इस मौसम में भिवानी शहर के लोहड़ बाजार और हालु बाजार जोन के बाशिंदे पीने के पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। पिछले करीब डेढ़ महीने से इलाके में जल आपूर्ति का प्रेशर इतना कम है कि पानी लोगों के नलों तक पहुंच ही नहीं पा रहा। इस गंभीर पेयजल समस्या को लेकर वार्ड नंबर 27 के पार्षद गोविंद राम उर्फ बिल्लू बादशाह ने मोर्चा खोलते हुए सोमवार को समाधान शिविर में उपायुक्त को शिकायत सौंपी।
शिकायती पत्र में पार्षद गोविंद राम ने बताया कि लोहड़ बाजार और हालु बाजार क्षेत्र में रोजाना सुबह 4 बजे से 7 बजे तक जलापूर्ति की जाती है। इस क्षेत्र में घनी आबादी बसती है, लेकिन पानी का प्रेशर इतना कम होता है कि लोगों के घरों तक पानी पहुंचना नामुमकिन हो गया है।
पार्षद ने बताया कि सुचारू जलापूर्ति के लिए घंटाघर टंकी पर लगे गेज मीटर में कम से कम 25 से 30 का प्रेशर होना आवश्यक है, लेकिन पिछले कई दिनों से यह केवल 5 से 10 के बीच ही रहता है। हद तो तब हो गई जब सोमवार को उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर घंटाघर टंकी का जायजा लिया, तो वहां गेज मीटर शून्य पर अटका हुआ था। जब टंकी पर ही प्रेशर शून्य होगा तो आम जनता तक पानी कैसे पहुंचेगा।
पार्षद बादशाह ने जल संकट के मुख्य कारणों का खुलासा करते हुए बताया कि जिस समय लोहड़ व हालू बाजार जोन में पानी की सप्लाई दी जाती है, ठीक उसी दौरान पुराने जलघर से अन्य इलाकों की सप्लाई भी चालू कर दी जाती है। इस कारण मुख्य लाइन का वाटर प्रेशर पूरी तरह टूट जाता है और गेज नहीं बन पाता। उन्होंने बताया कि लो प्रेशर की वजह से वार्ड 27 एवं आसपास की कई मुख्य गलियां और मोहल्ले बुरी तरह प्रभावित हैं। जिनमें ढग्यान गली, मोडान गली, वैदान गली, स्वराज कटली, कितान पाना, डा. मुरारी लाल की गली, मनान पाना, चुहड सिंह की बाजारी, नन्दराम कटला,ख्बाडी मोहल्ला के आखिरी छोर तक पानी बिल्कुल भी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे गृहिणियों और बुजुर्गों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है।
पार्षद गोविन्द राम उर्फ बिल्लू बादशाह ने कहा कि इस समस्या को लेकर पहले पब्लिक हेल्थ के चीफ इंजीनियर जयवंत सिंह नरवाल से भी व्यक्तिगत रूप से मिल चुके हैं। चीफ इंजीनियर नरवाल ने भी स्थिति को देखते हुए तुरंत आदेश दिए थे कि हालु बाजार जोन को डाबर जलघर से स्वतंत्र रूप से जोड़ा जाए, ताकि प्रेशर की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। लेकिन जमीनी स्तर पर प्रशासनिक ढिलाई के कारण अभी तक इन आदेशों पर अमल नहीं हो पाया है। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि जिस समय लोहड़ व हालू बाजार में पानी की सप्लाई दी जाए, उस दौरान पुराने जलघर की अन्य क्षेत्रों की सप्लाई पूरी तरह बंद रखी जाए, ताकि लाइन में पर्याप्त वाटर प्रेशर बन सके। हालू बाजार जोन की सप्लाई को स्वतंत्र रूप से डाबर जलघर से तुरंत जोड़ा जाए, ताकि लो प्रेशर की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सके। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ ने आश्वासन दिया कि तीन सप्ताह में समस्या का पूरी तरह से समाधान कर दिया जाएगा।