{"vars":{"id": "123258:4912"}}

एक सप्ताह से पीने का पानी नहीं मिलने से खफा होकर विद्या नगर व कीर्ति नगरवासियों ने किया प्रदर्शन
 

जनसंघर्ष समिति के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन कर अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन
 
 

भिवानी, 28 अप्रैल : जनसंघर्ष समिति भिवानी के नेतृत्व में स्थानीय विद्या नगर व कीर्ति नगर के नागरिकों ने पिछले एक सप्ताह से पीने के पानी की आपूर्ति नहीं होने से खफा होकर मंगलवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ उनके कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया तथा अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन दिया। विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा व कार्यकारी अभियंता कपिल वर्मा ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि खराब मोटरें ठीक करवाकर सांयकाल तक पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


     जनसंघर्ष समिति के नेता सुखदेव पालवास, किसान नेत्री संतोष देशवाल, विद्या नगर निवासी हरभगवान रहेजा, सुरेश भारद्वाज, पूर्व प्राचार्य दिलबाग सिंह ग्रेवाल व किसान नेता बलबीर सिंह बजाड़ ने  अधिकारियों को बताया कि आए दिन विभाग की मोटरें खराब हो जाती हैं और विभाग के अधिकारी नागरिकों के फोन भी नहीं उठाते हैं। हार-थककर परेशान नागरिक विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने पर मजबूर है।


     उन्होंने कहा कि एक दिन छोडक़र पानी देते हैं और उसका भी विभाग द्वारा पानी आपूर्ति का भी कोई निश्चित समय नहीं होता, रात भर कालोनी वासी जागते रहते है, आराम भी नहीं करपाते। जनसंघर्ष समिति के संयोजक कामरेड ओमप्रकाश का कहना है कि कोंट रोड़ व हनुमान गेट पर भी एक सप्ताह से पानी नहीं पहुंच रहा है। पीने का पानी नहीं आने से गर्मी के मौसम में हाहाकार मचा है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी लोगों की समस्या के प्रति संवेदनशील नहीं है, क्योंकि सत्ताधारी पार्टी का नेतृत्व भी जनता की समस्यायों के प्रति गंभीर व संवेदनशील नहीं होने का फायदा उन्हें मिल जाता है। जब विभाग में एक पानी आपूर्ति मोटर खराब होती है तो उसका विकल्प भी होना चाहिए, परन्तु विभाग जब तक खराब मोटर ठीक नहीं हो जाती, तब तक पानी आपूर्ति बंद कर देता है और लोग परेशान हो जाते हैं और पूरा सप्ताह या इससे ज्यादा समय त क मोहल्ले या कालोनी में हाहाकार मच जाता है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह महकमें में प्रयाप्त स्टाफ भर्ती न करके उसे खत्म करना चाहती है और निजिकरण को बढ़ावा दे रही है। लोग इस नीति का खामियाजा भुगत रहे है। विभाग में जरूरी साजो सामान की भी कमी रहती है।


     प्रदर्शन में शामिल होने वालों में रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य महासचिव रतनकुमार जिंदल,  दीनानाथ महता, पूर्व अधीक्षक सुमेर सांगवान, पूर्व पार्षद ईश्वर मान, समाजसेवी व दलित नेता राजेंद्र धानक, पूर्व पुलिस इंसपेक्टर मनफूल सिंह, सुखबीर सांगवान, कर्नल दलाल की मैडम दलाल, सुरेन्द्र दलाल, अनिल सांगवान, महाबीर फौजी, प्रीत सिंह धनाना व जगदीश फौजी सहित कई कालोनीवासी शामिल रहे।