{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: नौतपा की भीषण गर्मी के बीच बारिश और ओले, तापमान में भारी गिरावट

भिवानी, लोहारू और जूई में मौसम का मिजाज बदला। 45 डिग्री की गर्मी के बीच बारिश और ओलावृष्टि से मिली राहत। फसलों के लिए फायदेमंद रही बरसात। जानें मौसम विभाग का पूर्वानुमान।

 

भिवानी । 45 डिग्री तापमान में झुलस रहे जनजीवन को वीरवार शाम को अचानक मौसम बदलाव से हुई बारिश से राहत मिली। नौतपा में पिछले चार दिनों से झुलसा देने वाली गर्मी से लोग बेहाल थे। शाम चार बजे के बाद आसमान में बादल छा गए। इसके बाद शहरी क्षेत्र में हल्की बारिश की बौछार हुई। वहीं, ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश के साथ ही ओले बरसे। कुछ स्थानों पर आंधी ने भी लोगों को परेशान किया। जिले के गांव सिंघानी, ढीगावा, देवराला कैरू सहित विभिन्न गांवों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरे।

वीरवार सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चल रही थीं। घरों के अंदर पंखे व कूलर भी गर्मी के आगे फेल थे। वीरवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया। गांवों में लोगों ने बारिश और ओलावृष्टि का आनंद लिया, वहीं किसानों ने भी मौसम परिवर्तन को राहत भरा बताया।

मौसम विभाग द्वारा पहले ही 28 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई थी। विभाग की चेतावनी के अनुसार शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिला। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। वहीं बहल क्षेत्र में भी तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई।

लोहारू में धूल भरी आंधी से लोगों को हुई परेशानी

लोहारू। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बाद वीरवार शाम साढ़े पांच बजे क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी चलने से पूरे कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज हवाओं के कारण बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर लगे पल्लड़ व सामान को संभालते नजर आए, वहीं सड़कों पर धूल और कचरा उड़ता दिखाई दिया।

आंधी के चलते कई स्थानों पर राहगीरों को रुककर सुरक्षित स्थानों का सहारा लेना पड़ा। बाजारों में लोगों ने दुकानों के शटर आंशिक रूप से बंद कर दिए और बाहर रखा सामान अंदर रखना शुरू कर दिया। तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे पड़े कागज, प्लास्टिक व अन्य कचरा हवा में उड़ता रहा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

क्षेत्र में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी और तापमान लगातार बढ़ रहा था। ऐसे में अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन धूल भरी आंधी के कारण जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज गर्मी के बाद बदले मौसम से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

आंधी के साथ हुई जूई में बारिश, फसलों में मिलेगा फायदा
जूई। जूई क्षेत्र में वीरवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज हवा के साथ शुरू हुई बरसात से लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी से राहत मिली। बरसात होने से मौसम सुहावना हो गया तथा तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते नजर आए। किसान दयानंद, महावीर, कर्मचंद ने बताया कि यह बरसात कपास, ज्वार और बाजरे की फसल के लिए लाभदायक साबित होगी। खेतों में नमी बनने से फसलों की बुवाई और वृद्धि में फायदा मिलेगा। हालांकि तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटने और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की भी सूचना मिली है।