{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पर्यावरण संरक्षण के लिए एकजुट हुआ भिवानी
 

विश्व पर्यावरण दिवस पर संस्थाओं ने लिया रिकॉर्ड पौधारोपण का संकल्प
प्रकृति का ऋण चुकाने का समय आ गया है : के.के. वर्मा
 
 
भिवानी, 06 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भिवानी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक नई अलख जगती दिखाई दी। बाल सेवा आश्रम समिति एवं भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शहर की तमाम सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने एकजुट होकर प्रकृति को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत आश्रम के बच्चों और गणमान्य नागरिकों द्वारा किए गए वैदिक यज्ञ से हुई, जिसके बाद परिसर में 50 पौधे रोपित किए गए। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने इस अनूठी पहल की सराहना की। उन्होंने भिवानी की जागरूक संस्थाओं को आमंत्रित करते हुए कहा कि शिक्षा बोर्ड का विशाल प्रांगण पर्यावरण संरक्षण के कार्यों के लिए हमेशा खुला है और वे वहां आकर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाएं। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शिरकत की और इस आयोजन को शहर के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
      कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार और भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक के.के. वर्मा ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आधुनिक उपकरणों की एक सराहनीय प्रदर्शनी भी लगाई। सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बाल सेवा आश्रम के अध्यक्ष वेद प्रिय आर्य एवं  के.के. वर्मा ने कहा कि आज का यह आयोजन सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि भिवानी को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाने के एक महा-अभियान की शुरुआत है। हम भाग्यशाली हैं कि आज भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति, विवेकानंद केंद्र, स्वदेशी जागरण मंच, और प्रजापिता ब्रह्माकुमारी सहित शहर की तमाम शीर्ष संस्थाएं एक मंच पर आई। नगर की प्रमुख संस्था जेसीआई स्टार ने बाल सेवा आश्रम के सभी बच्चों को गर्मियों में ठंडा पानी के लिए थरमस बोतल भेंट की ।अब समय आ गया है कि हम प्रकृति का ऋण चुकाएं। हमारा असली लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पौधे बचाना है। इसलिए आज हम सभी ने यह दृढ़ संकल्प लिया है कि साल 2026 के इस आगामी मानसून सीजन में हम रिकॉर्ड संख्या में पौधारोपण करेंगे और हर एक पौधे के बड़े होने तक उसके संरक्षण की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे।
       इस महा-संकल्प में पंजाबी जागृति मंच, संस्कृत मंच, कृष्ण कृपा परिवार, क्षत्रिय स्वर्णकार सभा, अणुव्रत समिति, स्टैंड विद नेचर, नवदुर्गा सेवा सहयोग समिति, जय हनुमान सेवा समिति और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी संगठन सहित शहर की अन्य प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में बाल सेवा आश्रम के अध्यक्ष ने सभी संस्थाओं का आभार जताया।