World Senior Citizen Day Bhiwani: भिवानी में 80 पार के 38 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, 8वें वेतन आयोग को लेकर उठी मांग
विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस : भिवानी में 80 वर्ष से अधिक आयु के 38 वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान, हक और सम्मान की रक्षा का लिया संकल्प
समाज की मजबूत नींव और मार्गदर्शक हैं वरिष्ठ नागरिक : मास्टर वजीर सिंह
भिवानी, 21 अगस्त : विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जीवन के सुनहरे अनुभवों और समाज व राष्ट्र निर्माण में दशकों तक अमूल्य योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 80 वर्ष से अधिक आयु के 38 वरिष्ठ पेंशनरों को फूलमालाओं, शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि इनमें 6 महिला पेंशनर्स भी शामिल थीं, जिनके योगदान को मंच से विशेष रूप से सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व जिला सचिव राजबीर कादयान ने कुशलतापूर्वक निभाया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर वजीर सिंह ने कहा कि हमारे वरिष्ठ पेंशनर्स केवल पूर्व कर्मचारी नहीं, बल्कि इस समाज की मजबूत नींव और मार्गदर्शक हैं। उम्र के इस पड़ाव पर उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है, लेकिन साथ ही उनके अधिकारों, सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। मास्टर वज़ीर सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा पारित पेंशन वित्त विधेयक 2025 पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे 31 दिसंबर 2025 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के 8वें वेतन आयोग के लाभों से वंचित होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मांग की कि पेंशन वित्त विधेयक 2025 को तुरंत वापस लिया जाए और 8वें वेतन आयोग का पूर्ण लाभ सभी पेंशनर्स को एक समान दिया जाए। 65 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 10 प्रतिशत तथा 75 वर्ष की आयु में मूल पेंशन में 20 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि की जाए। पेंशन से कम्यूट की गई राशि की कटौती अवधि को घटाकर 11 वर्ष किया जाए। पैनलबद्ध निजी व सरकारी अस्पतालों में पेंशनर्स का कैशलेस इलाज सुनिश्चित हो तथा मासिक मेडिकल भत्ता बढ़ाकर 3 हज़ार रुपये किया जाए। मेडिकल बिलों के भुगतान की एक निश्चित समय-सीमा तय हो। वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज की वोल्वो व एसी बसों, ट्रेनों और हवाई यात्रा में रियायती किराए की सुविधा पुन: बहाल की जाए। 6 माह या उससे अधिक की सरकारी सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को एक वेतन वृद्धि का लाभ मिले। पुराने पैटर्न के आधार पर एलटीसी की सुविधा बहाल करते हुए प्रतिवर्ष 25 प्रतिशत बजट का नियमित भुगतान किया जाए।
उन्होंने बताया कि िहकों की आवाज को बुलंद करने के लिए 29 व 30 सितंबर को देशभर में उपायुक्त कार्यालयों पर 24 घंटे का ऐतिहासिक राष्ट्रव्यापी पड़ाव। 12 दिसंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में राष्ट्रीय स्तर की महारैली। 13 दिसंबर को दिल्ली में पेंशनर्स का संयुक्त राष्ट्रीय अधिवेशन का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामचन्द्र, महाबीर शर्मा, फूल सिंह, निर्मल कुमार, शकुन्तला देवी, फतेह सिंह, ओमप्रकाश दलाल, उमराव सिंह, रामभगत, सन्तु सिंह, हरफूल, अभय राम, सुभाष गरवड़, मलिक चन्द सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।