{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Zila Parishad Development Work: भिवानी में 5.30 करोड़ से होंगे विकास कार्य, चेयरपर्सन अनिता मलिक का विपक्ष पर तंज

भिवानी जिला परिषद 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से जिलेभर के गांवों में विकास कार्य कराएगी। चेयरपर्सन अनिता मलिक ने दी पूरी जानकारी।
 

जिला परिषद से जिले में होंगे 5 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि के विकास कार्य

जिले की जनप्रतिनिधि मोटी कलम आदि अन्य बहाने बनाने की बजाय जिले में करवाएं समान रूप से विकास कार्य : अनिता मलिक

तोशाम, 20 अगस्त। जिला परिषद भिवानी से जिलेभर में आगामी समय में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत के विकास कार्य जल्द करवाए जाएंगे। जिनका पूरी तरह से खाका तैयार कर लिया गया है और उन विकास कार्यों को जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। 


यह जानकारी देते हुए जिला परिषद भिवानी की चेयरपर्सन अनिता मलिक ने कहा कि वह बातों में विश्वास नहीं रखती बल्कि धरातल पर कार्य करने में विश्वास रखती हैं। उनका कहना था कि जिला परिषद के द्वारा जिलेभर में निरंतर समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, पहले भी करोड़ों रुपए की राशि के विकास कार्य जिलेभर में जिला परिषद कोटे से हो चुके हैं करोड़ों रुपए की राशि के विकास कार्य प्रगति पर हैं और करोड़ों रुपए राशि की लागत से होने वाले विकास कार्य का खाका तैयार कर लिया गया है जिन्हें जल्द आमजन की सुख सुविधा के लिए करवाया जाएगा, जिसके तहत जिलेभर में 5 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत राशि से विकास कार्य होंगे। अनिता मलिक ने विपक्ष की भाजपा नेत्रियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि तोशाम हल्के की जनप्रतिनिधि हर बार जनता से बहाने लगाकर वोट लेती हैं कभी मोटी कलम आने का बहाना लगाती हैं, कभी सरकार में न चलने का बहाना लगाती हैं बल्कि उन्हें बहाने लगाने की बजाय आमजन की सुख सुविधा के लिए समान रूप से विकास कार्य करवाने चाहिए। जनता उनकी सब सच्चाई जान चुकी है अब केवल बहानों से काम नहीं चलने वाला बल्कि धरातल पर विकास कार्य करवाने होंगे जिससे आमजन को लाभ मिले। अनिता मलिक ने बताया कि जिला परिषद भिवानी की तरफ से आगामी समय में 5 करोड़ रुपए की राशि से होने वाले विकास कार्यों में गांव तिगड़ाना में करीबन 18 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे, बवानी खेड़ा के गांव बड़सी जाटान व बड़सी गुजरान में करीबन 29 लाख 80 हजार रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे। पुर गांव के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर भवन में 15 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे। जमालपुर के रविदास भवन में करीबन 13 लाख 30 हजार रुपए की राशि के विकास कार्य होंगे।

तोशाम हल्के के गांव गांव दांग कलां में करीबन 14 लाख 50 हजार रुपए की राशि से लाइब्रेरी का निर्माण होगा। गांव आलमपुर में 1 लाख 70 हजार रुपए, गांव खावा में 6 लाख 60 हजार रुपए, गांव बागनवाला में 2 लाख 70 हजार रुपए, गांव रिवासा में करीबन 6 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य होंगे। वहीं सिवानी के गांव गढ़वा में 1 लाख 70 हजार रुपए, गांव सिवाच में सीएचसी के सामने शैड निर्माण में 5 लाख 50 हजार रुपए, गांव रुपाणा के शिव धाम में शैड निर्माण के लिए करीबन 6 लाख 76 हजार रुपए, गांव बडवा में स्वागत द्वार, रास्ता निर्माण, शिव धाम में शैड निर्माण आदि सहित कुल करीबन 26 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसी कड़ी में जिले के गांव बामला, बहल के मंढोली कलां, शहरियार पुर, लोहारु के कुडल, गांव मिठ्ठी, झुम्पा कलां, सैनीवास, घंगाला, देवसर, कैरू के गांव देवराला, लेघा, हेतमपुरा, कैरू, तोशाम के गांव पटौदी कलां, ढाणी माहू, निगाना कलां, थिलोड, बुशान, रिवासा, भेरा, तोशाम तथा बवानी खेड़ा के गांव जमालपुर, ढाणी किरावड छान्या आदि गांव में कुल 5 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि से विभिन्न विकास कार्य करवाए जाएंगे। इस दौरान जिला पार्षद नरेंद्र देवराला, राजा पार्षद, रूपेंद्र पार्षद, महेंद्र शर्मा कुडल आदि पार्षदों ने कहा कि जिला परिषद कोटे से चेयरपर्सन अनिता मलिक के नेतृत्व में भिवानी जिले में समान रूप से भरपूर विकास कार्य हो रहे हैं और जिलेभर में जिला परिषद द्वारा विकास कार्यों रूपी गंगा निरंतर बह रही है। जिसका भरपूर लाभ आमजन को मिल रहा है और विभिन्न विकास कार्य जारी हैं।