भिवानी के संदीप का इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में चयन
भिवानी जिले के गांव झंझड़ा श्योराण के अंतरराष्ट्रीय स्तर के वेटलिफ्टर एवं कोच संदीप कड़वासरा को 5वीं इंटरनेशनल मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में चयनित होने पर भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने दिल्ली आवास पर बुलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जर्मनी में होगी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप
कोच संदीप कड़वासरा ने बताया कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक पॉट्सडम (जर्मनी) में आयोजित होगी। भारत से हरियाणा के दो खिलाड़ियों — 65 किलो भार वर्ग में संदीप कड़वासरा (झंझड़ा श्योराण) और 85 किलो भार वर्ग में ज्योति प्रकाश (हिसार) — का चयन हुआ है। कुल 11 सदस्यीय भारतीय टीम में 9 खिलाड़ी, एक टीम कोच और एक ऑफिशियल शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों में राजवीन्दर सिंह, चरणजीत, राजेश बत्रा, संतोख कुमार, पवन कुमार, सरनदीप सिंह और परशाना कुलकर्णी शामिल हैं।
हरियाणा मास्टर वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट महेश श्योराण ने बताया कि भारतीय टीम 28 जनवरी 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होगी। उन्होंने कहा कि संदीप कड़वासरा बेहद सामान्य परिवार से हैं और वर्ष 2009 से खेल जगत में सक्रिय हैं। उन्होंने देश-विदेश की अनेक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन किया है।
संदीप कड़वासरा को अब तक कई राष्ट्रीय नेताओं और मंत्रियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया, खाद्य मंत्री चिराग पासवान, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, मंत्री रामदास अठावले, पूर्व खेल मंत्री राजवर्धन सिंह राठौर, पूर्व कृषि मंत्री जे.पी. दलाल और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव प्रमुख हैं।