{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी के महिला कॉलेज की छात्राओं ने जताया रोष 

 

भिवानी

गांव सिंघानी स्थित शारदा महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने पूर्व मंत्री जेपी दलाल द्वारा कॉलेज के संबंध में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। कॉलेज परिसर में छात्राएं, पेरेंट्स और ग्रामीण एकत्रित हुए और मीडिया के माध्यम से अपनी स्थिति स्पष्ट की।

छात्राओं ने स्पष्ट किया कि शारदा महिला महाविद्यालय में किसी प्रकार का शारीरिक शोषण या छात्राओं के साथ कोई भेदभाव नहीं होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से कॉलेज की छवि को जान बूझकर धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जो अस्वीकार्य है।

छात्राओं ने चेतावनी दी, कि यदि पूर्व मंत्री जेपी दलाल सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो उनके खिलाफ आंदोलन के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को वास्तव में बेटियों की चिंता है, तो उन्हें स्वयं कॉलेज खोलकर छात्राओं के लिए निशुल्क शिक्षा और बस सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए, न कि कॉलेज के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकना गलत है।

इस अवसर पर छात्राओं ने विधायक राजबीर फरटिया के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि विधायक के प्रयासों से कॉलेज की छात्राओं को निशुल्क शिक्षा और मुफ्त बस सुविधा मिल रही है, जिसे उन्होंने एक अनुकरणीय पहल बताया। छात्राओं और अभिभावकों ने कॉलेज की छवि खराब करने वालों के खिलाफ ग्राम पंचायत, अभिभावकों और कॉलेज स्टाफ को लिखित शिकायत सौंपी। उन्होंने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

साथ ही प्रशासन से सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में फैलाए जा रहे झूठे और भ्रामक प्रचार पर तत्काल रोक लगाने और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। छात्राओं ने सरकार के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री द्वारा बेटियों के प्रति ऐसी भाषा का प्रयोग निंदनीय है। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

इस संबंध में सिंघानी गांव के सरपंच संजीत के माध्यम से एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपा गया है तथा बुधवार को लोहारू एसडीएम को भी ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सरपंच मुख्तयार, राजपाल, धर्मपाल राठी, प्रदीप, महेन्द्र बिधनोई, विनोद सिंघानी, ईश्वर, कर्मवीर, निर्मला, मोनिका, प्रिया, संजू, सीमा सहित बड़ी संख्या में स्टूडेंट, पेरेंट्स व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।