भिवानी में बिहार के मजदूरों पर बीफ पकाने का आरोप
भिवानी जिले के सिवानी में वीरवार की रात को कुछ लोगों द्वारा एक मकान में बीफ (गाय का मास) पकाने और खाने की सूचना के बाद बवाल हो गया।
सूचना मिलते ही मकान के आसपास काफी लोग एकत्रित हो गए और मामले की सूचना जैसे ही पुलिस को दी गई, सिवानी के थाना प्रभारी उग्रसेन बिश्नोई तत्काल मौके पर पहुंचे और संबंधित लोगों से पूछताछ कर उन्हें हिरासत में लिया।
इस दौरान गुस्साए लोगों से पुलिस प्रशासन ने शांति प्रिय ढंग से काम लिया और मकान में मौजूद करीब 15 लोगों को पुलिस की 3 अलग-अलग गाड़ियों में भरकर सिवानी थाना ले गए। पुलिस ने आरोपी लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिवानी के वार्ड नंबर 9 के एक मकान में कुछ लोग बिहार से आकर रह रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उन्हें शक था कि यहां पर मकान में गाय का मास खाया और पकाया जाता है। शक के आधार पर जब वे वीरवार रात करीब 9 बजे मकान में पहुंचे तो वहां मौजूद लोग गाय का मास पकाकर खा रहे थे।
जिस पर कुछ लोगों ने उन लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी और मामले को बढ़ता देख कर मकान के आसपास रहने वाले लोगों ने मामले की सूचना सिवानी पुलिस को दी। जिसके बाद जहां एक और यह खबर पूरे शहर फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए और मकान को घेर लिया।थाना प्रभारी उग्रसेन बिश्नोई ने बताया कि मौके पर मामला काफी गंभीर था, लेकिन आम लोगों ने पुलिस प्रशासन का साथ दिया है। जिसके कारण मकान में इस मामले से संबंधित मौजूद करीब 15 लोगों को सुरक्षित सिवानी थाना में ले जाया गया है।