बाइक सवार बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़, 2 को गोली लगी
रोहतक में पुलिस व बदमाशों के बीच देर रात को सुनारिया रोड पर मुठभेड़ हो गई, जिसमें बाइक सवार 2 आरोपियों को गोली लगी है, जबकि एक बाइक गिरने के कारण घायल हो गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को घायल अवस्था में पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
झज्जर रोड पर घनीपुरा में पिछले दिनों लूट करने के मामले में 3 आरोपी बाइक पर सवार होकर सुनारिया जेल रोड से शहर की तरफ आ रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक सवारों को रूकने का इशारा किया। बाइक सवारों ने पुलिस पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग कर दी, जिसमें बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के साथ मुठभेड़ मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव बलम्भा निवासी 19 वर्षीय आयुष, राजस्थान निवासी 21 वर्षीय पुष्पेंद्र व राजस्थान निवासी 22 वर्षीय आजाद के रूप में हुई। तीनों आरोपियों ने 7 जुलाई को आर्य नगर थाना क्षेत्र के झज्जर रोड पर दुकानदार के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। 2 आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
7 जुलाई को हुई लूट मामले में आर्य नगर थाने में केस है, जिसमें पुलिस जांच कर रही है। इसी मामले में अब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को काबू किया है। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। वहीं जिस बाइक पर आरोपी सवार थे, वह भी चोरी की बताई जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी।