Bureau of Indian Standards Haryana News: तोशाम में बीआईएस की राष्ट्रीय मुहिम 'शाइन', डॉ. प्रदीप लौरा ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किया भारतीय मानक ब्यूरो की राष्ट्रीय मुहिम शाईन के तहत जागरूक:-
आईएसआई मार्क के दुरुपयोग पर दो साल तक की सजा और दो लाख जुर्माने का प्रावधान :- डा. प्रदीप लौरा
उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को किया जागरूक:-
तोशाम, 11 सितंबर। भारतीय मानक ब्यूरो हरियाणा शाखा कार्यालय की ओर से राष्ट्रीय मुहिम शाइन के तहत शुक्रवार को स्थानीय ब्लॉक में महक महिला कलस्टर फेडरेशन संबंधित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीआईएस हरियाणा शाखा कार्यालय के डा. प्रदीप लौरा ने किया।
डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशन पर एसडीएम संदीप कुमार के कुशल मार्ग दर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डा. प्रदीप लौरा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पादों की पहचान के लिए उपभोक्ताओं को आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा बीआईएस की विभिन्न प्रमाणन योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को खरीदारी के समय केवल बीआईएस प्रमाणित उत्पाद तथा हॉलमार्कयुक्त स्वर्ण आभूषण ही खरीदने की सलाह दी। कार्यक्रममें बीआईएस केयर ऐप का लाइव प्रदर्शन करते हुए बताया कि उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन से आईएसआई लाइसेंस, हॉलमार्क की सत्यता तथा बीआईएस प्रमाणित उत्पादों की जानकारी आसानी से सत्यापित कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत होने पर बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम-2016 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया आईएसआई मार्क का दुरुपयोग, बिना लाइसेंस मानक चिह्न का प्रयोग, फर्जी हॉलमार्किंग अथवा अधिनियम के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर कम से कम दो लाख रुपये का जुर्माना, दो वर्ष तक का कारावास अथवा दोनों का प्रावधान है।
बीपीएम मंजू ने कहा कि उपभोक्ता जागरूक होंगे तो बाजार में नकली एवं घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। खंड कार्यालय के कर्मचारी विकास, सलीमन एवं महिलाओं ने उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्ता मानकों, हॉलमार्किंग तथा बीआईएस प्रमाणन से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तार से उत्तर दिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
सुमित कुमार पीआरसी ने बताया कि शाइन अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को गुणवत्ता, मानकीकरण और उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया जा सके।