{"vars":{"id": "123258:4912"}}

6 को भाजपा स्थापना दिवस,  बूथ स्तर तक सजेगा कमल 

 

भिवानी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 6 अप्रैल को मनाये जाने वाले इस विशेष दिवस को जिला स्तर से लेकर अंतिम बूथ स्तर तक उत्सव के रूप में मनाने के लिए शुक्रवार को भिवानी स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने की।

इस दौरान उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिले के प्रमुख पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि 6 अप्रैल भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का दिन है।

उन्होंने निर्देश दिए कि इस बार स्थापना दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जन-संपर्क का एक बड़ा माध्यम बनना चाहिए।  उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय, मंडल स्तर और सभी शक्ति केंद्रों के साथ-साथ हर बूथ पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। पन्ना प्रमुखों और बूथ अध्यक्षों के नेतृत्व में पार्टी के इतिहास और नीतियों पर चर्चा की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर फल वितरण, स्वच्छता अभियान और सेवा कार्यों का आयोजन होगा। कौशिक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, और यह मुकाम हमारे करोड़ों कार्यकर्ताओं के त्याग और तपस्या से हासिल हुआ है।

6 अप्रैल को हम अपने उन महापुरुषों को याद करेंगे जिन्होंने अंत्योदय के विचार को जमीन पर उतारा। भिवानी जिले के हर बूथ पर भाजपा का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।

हमारा लक्ष्य है कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों को हर घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रवास करें और सुनिश्चित करें कि कोई भी बूथ इस उत्सव से वंचित न रहे। इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष नंदराम धानिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना परमार, वरूण श्योराण, रवि महमिया, रविंद्र मंढ़ौली, जिला महामंत्री रेखा राघव, रमेश पचेरवाल, जिला उपाध्यक्ष विशाल जीत, राजेश जांगड़, शालू अरोड़ा, प्रदीप प्रजापति, जिला सचिव सुशीला देवी, नरेंद्र तालु, कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता, दिनेश वर्मा, रमेश लालावास, विजय शर्मा, कमलेश भोडूका, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।