BJP नेता से मांगी ₹2 करोड़ की फिरौती
करनाल में BJP नेता एवं नई अनाज मंडी मंडी के प्रधान से 2 करोड़ की फिरौती मांगी गई है। बदमाशों ने वॉट्सऐप पर वॉयस मैसेज भेजकर डिमांड की है। साथ ही जान से मारने की धमकी दी है।
धमकी देने वालों ने कहा कि 24 घंटे में संपर्क नहीं किया गया, तो ऐसा कदम उठाया जाएगा, जिसे हमेशा याद रखेगा। बदमाशों ने परिवार और दोस्तों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है।
आढ़ती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सुरेंद्र त्यागी की करनाल की नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 4 जनवरी को शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर वॉयस मैसेज आया, जिसमें 2 करोड़ की फिरौती मांगी गई और 24 घंटे का टाइम दिया गया।
इसके बाद 5 जनवरी की दोपहर करीब ढाई बजे उसी तरह की एक और कॉल आई, जिसे सुरेंद्र त्यागी ने नहीं उठाया। कॉल न उठाने पर फिर से वॉयस मैसेज भेजा गया, जिसमें उन्हें, उनके परिवार और दोस्तों को जान से मारने की धमकी दी गई।
सुरेंद्र त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत बताया कि इससे पहले भी 14 जून 2025 को एक अन्य विदेशी नंबर से उन्हें इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह और उनका परिवार भय के माहौल में है। मामले की लिखित शिकायत पुलिस चौकी सेक्टर-4 करनाल में दी गई। शिकायत पर थाना सिटी करनाल में मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज एसआई राजन ने कहा कि मंडी प्रधान सुरेंद्र से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगे जाने की शिकायत मिली है। यह फिरौती वॉट्सऐप कॉल मैसेज के जरिए मांगी गई है। छह महीने पहले भी फिरौती की कॉल आई थी, जिसमें कोई शिकायत नहीं मिली थी। अब दोबारा फिरौती की कॉल आई है।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह कॉल किसकी तरफ से आई है और कौन इसके पीछे है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मामले को ट्रेस कर लिया जाएगा।